The Duniyadari: दुर्ग। जिले के छावनी थाना क्षेत्र से एक दुखद घटना सामने आई है, जहाँ सोशल मीडिया पर रील बनाने को लेकर चल रहे घरेलू विवाद के बीच एक महिला ने फांसी लगाकर अपनी जीवनलीला समाप्त कर ली। घटना के बाद इलाके में शोक और स्तब्धता का माहौल है।
पुलिस के अनुसार मृतका की पहचान अंजली साव (35 वर्ष) के रूप में हुई है, जो भिलाई क्षेत्र की रहने वाली थी। बताया जा रहा है कि अंजली सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम पर सक्रिय थी और नियमित रूप से रील बनाती थी। इस बात को लेकर पति की नाराज़गी बनी रहती थी, जिसके चलते दोनों के बीच अक्सर विवाद की स्थिति उत्पन्न हो जाती थी।
बुधवार को जब दंपती के बच्चे ट्यूशन के लिए घर से बाहर गए हुए थे, उसी समय अंजली ने घर के भीतर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। सूचना मिलने पर छावनी थाना पुलिस मौके पर पहुँची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि शुरुआती जांच में आत्महत्या के पीछे पारिवारिक तनाव को कारण माना जा रहा है। फिलहाल मर्ग कायम कर मामले की विस्तृत जांच की जा रही है।
गौरतलब है कि जिले में हाल के दिनों में आत्महत्या की घटनाओं में वृद्धि देखी जा रही है। कुछ समय पूर्व एक ग्राफिक्स डिजाइनर युवक ने पारिवारिक विवाद के चलते आत्महत्या की थी, वहीं एक अन्य मामले में दो भाइयों के साथ रह रही एक युवती ने भी संदिग्ध परिस्थितियों में जान दे दी थी। पुलिस इन सभी मामलों की अलग-अलग जांच कर रही है।
































