The Duniyadari: रायपुर। नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत रायपुर पुलिस ने उरला क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए एक युवक को गांजा के साथ पकड़ा है। कमिश्नरेट व्यवस्था लागू होने के बाद अवैध मादक पदार्थों की तस्करी पर पुलिस लगातार सख्ती बरत रही है। डीसीपी नॉर्थ मयंक गुर्जर के मार्गदर्शन में यह कार्रवाई की गई।
पुलिस के अनुसार 8 फरवरी 2026 को उरला थाना टीम को मुखबिर से सूचना मिली कि बीरगांव के शहीद नगर मैदान के पास एक संदिग्ध युवक गांजा लेकर खड़ा है और उसे खपाने की तैयारी में है। सूचना मिलते ही वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराया गया। अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त आकाश मरकाम और सहायक पुलिस आयुक्त पूर्णिमा लामा के निर्देश पर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की।
बताए गए हुलिए के आधार पर युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई, जिसमें उसने अपना नाम सत्यम राजपूत उर्फ ढोलू (24 वर्ष), निवासी दुर्गा नगर, बीरगांव बताया। तलाशी के दौरान उसके बैग से 2 किलो 50 ग्राम गांजा बरामद किया गया। साथ ही बिक्री से जुड़ी नकदी भी जब्त की गई। जब्त सामान की कुल कीमत करीब 1.05 लाख रुपये आंकी गई है।
वैध दस्तावेज नहीं दिखा पाने पर पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ उरला थाना में नारकोटिक एक्ट की धारा 20(बी) के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि शहर में नशे के कारोबार के खिलाफ सख्त अभियान जारी रहेगा और इसमें शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। साथ ही आम लोगों से भी संदिग्ध गतिविधियों की सूचना पुलिस को देने की अपील की गई है।
































