सूने घर में चोरी का खुलासा, मां-बेटे गिरफ्तार, लाखों के जेवर बरामद

5

The Duniyadari:

कोरबा। शहर के मानीकपुर इलाके में सूने मकान में हुई चोरी की वारदात का पुलिस ने पर्दाफाश करते हुए एक मां और उसके बेटे को गिरफ्तार किया है। कार्रवाई के दौरान आरोपियों के पास से चोरी के सोने-चांदी के गहने भी बरामद किए गए हैं।

पुलिस जांच में सामने आया कि 6 और 7 फरवरी की रात अज्ञात लोगों ने बंद पड़े घर का ताला तोड़कर जेवर और नकदी पर हाथ साफ कर दिया था। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर संजय वैष्णव उर्फ गोलू और उसकी मां लव कुमारी वैष्णव को हिरासत में लिया। सख्ती से पूछताछ करने पर दोनों ने चोरी करना कबूल कर लिया।

आरोपियों ने चोरी के गहनों को मधुर फाइनेंस में गिरवी रख दिया था। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए गिरवी रखे आभूषण जब्त कर लिए। बरामद गहनों की कीमत करीब 11.11 लाख रुपये बताई जा रही है। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।