कोरबा में रिश्तों का कत्ल: बेटी ने पिता पर हंसिया से किया जानलेवा हमला

10

The Duniyadari: कोरबा जिले के हरदीबाजार थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम रलिया में एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है, जहां एक युवती ने अपने ही पिता की हत्या कर दी। घटना सोमवार और मंगलवार की दरम्यानी रात लगभग 2 से 2:30 बजे के बीच की बताई जा रही है। पुलिस के अनुसार 25 वर्षीय गीता निषाद ने धारदार हथियार से हमला कर अपने वृद्ध पिता अशोक निषाद की जान ले ली।

प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक गीता निषाद शहर में रहती थी और कुछ दिनों के लिए अपने पैतृक घर आई हुई थी। इसी दौरान पिता-पुत्री के बीच जीवनशैली को लेकर विवाद हुआ। बताया जा रहा है कि पिता द्वारा समझाइश दिए जाने से नाराज होकर युवती ने घर में रखे हंसिया से ताबड़तोड़ वार कर दिए, जिससे अशोक निषाद की मौके पर ही मौत हो गई।

घटना की सूचना मिलते ही हरदीबाजार थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी युवती को हिरासत में ले लिया। वारदात में इस्तेमाल किया गया हंसिया भी जब्त कर लिया गया है। पुलिस टीम ने मौके पर जरूरी कार्रवाई पूरी करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मामले में आगे की जांच जारी है।