बारात में मातम: अनियंत्रित ट्रक ने डीजे पर नाच रहे लोगों को रौंदा, चार महिलाएं घायल

8

The Duniyadari: जांजगीर-चांपा। जिले के घिवरा गांव में मंगलवार रात एक खुशियों भरा शादी समारोह अचानक हादसे में बदल गया। बारात के दौरान डीजे पर नाच रहे लोगों के बीच एक तेज रफ्तार ट्रक घुस गया, जिससे अफरा-तफरी मच गई। हादसे में चार महिलाएं घायल हो गईं, जिनमें एक की हालत नाजुक बताई जा रही है।

घटना बिर्रा थाना क्षेत्र की है। जानकारी के मुताबिक, सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले से आई बारात बिर्रा के भाटापारा इलाके में पहुंची थी। घर के बाहर स्वागत की तैयारियां चल रही थीं और बाराती संगीत पर झूम रहे थे। इसी दौरान शिवरीनारायण दिशा से आ रहा एक बेकाबू ट्रक सीधे सड़क किनारे खड़े लोगों की ओर मुड़ गया और टेंट से जा टकराया।

ट्रक की चपेट में आने से पास खड़ी चार महिलाएं घायल हो गईं। घायलों में भूरी बाई (65), राधिका देवांगन और रेधुका देवांगन (55) का इलाज स्थानीय स्तर पर जारी है। वहीं उसा बाई देवांगन (53) को गंभीर चोट लगने के कारण प्राथमिक उपचार के बाद बिलासपुर रेफर किया गया है। घटना में कुछ अन्य लोगों को भी मामूली चोटें आई हैं।

सूचना मिलते ही बिर्रा पुलिस मौके पर पहुंची और चालक को हिरासत में लेकर ट्रक जब्त कर लिया। प्रारंभिक पूछताछ में चालक ने झपकी आने की बात स्वीकार की है। पुलिस ने मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है।