The Duniyadari: कोरबा। कलेक्टर कुणाल दुदावत ने पाली विकासखंड के ग्राम चैतमा में बन रहे चिकित्सक आवास का निरीक्षण कर निर्माण कार्य की प्रगति और गुणवत्ता की समीक्षा की। जांच के दौरान गुणवत्ता में खामियां मिलने पर उन्होंने नाराजगी जताते हुए संबंधित ठेकेदार के खिलाफ नोटिस जारी करने और आवश्यक सुधार के साथ काम जल्द पूरा करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने ईंटों की जोड़ाई, अंदरूनी निर्माण और तकनीकी पहलुओं की बारीकी से जांच की। कुछ स्थानों पर गड़बड़ियां मिलने पर ग्रामीण यांत्रिकी सेवा के इंजीनियर और ठेकेदार को फटकार लगाई गई। उन्होंने दीवारों की कमियों को तुरंत दुरुस्त कर ग्राउटिंग कराने और सभी त्रुटियों की दोबारा जांच कर गुणवत्तापूर्ण सुधार सुनिश्चित करने को कहा। लापरवाही को गंभीर मानते हुए ठेकेदार राहुल शर्मा को नोटिस जारी करने के निर्देश दिए गए।
इसके बाद कलेक्टर ने कटघोरा स्थित शासकीय पीजी कॉलेज में निर्माणाधीन अतिरिक्त कक्ष का निरीक्षण कर तय समय-सीमा में गुणवत्ता के साथ कार्य पूरा करने को कहा। ग्राम उतरदा में पीडब्ल्यूडी द्वारा बनाए जा रहे ग्राम्य भारती हरदीबाजार कॉलेज भवन का जायजा लेते हुए उन्होंने निर्माण कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए। कॉलेज परिसर में बाउंड्रीवाल और छात्रावास निर्माण के लिए प्रस्ताव तैयार कर प्रस्तुत करने को भी कहा गया।
कलेक्टर ने पीडब्ल्यूडी की ओर से बनाई जा रही उत्तरदा–रेकी सड़क का निरीक्षण कर काम में गति लाने के निर्देश दिए। वहीं छुरी–कटघोरा राष्ट्रीय राजमार्ग का अवलोकन करते हुए संबंधित अधिकारियों को सड़क निर्माण तय समय में पूरा करने के लिए कहा।
































