दर्री जोन में 3 करोड़ के विकास कार्यों की शुरुआत, मंत्री देवांगन ने किया भूमिपूजन-लोकार्पण

5

The Duniyadari: कोरबा। नगर निगम क्षेत्र में विकास कार्यों की श्रृंखला को आगे बढ़ाते हुए दर्री जोन के कई वार्डों में करीब 3 करोड़ रुपये के कार्यों का भूमिपूजन और लोकार्पण किया गया। कार्यक्रम में प्रदेश के उद्योग मंत्री लखनलाल देवांगन मुख्य अतिथि रहे, जबकि महापौर संजूदेवी राजपूत ने अध्यक्षता की।

इस मौके पर दर्री जोन में 28 नए आंगनबाड़ी भवनों के निर्माण की घोषणा की गई, जिन पर करीब 2.64 करोड़ रुपये खर्च होंगे। इन केंद्रों में बच्चों के लिए पढ़ाई, खेलकूद और पोषण संबंधी सुविधाएं विकसित की जाएंगी। साथ ही वार्ड 59 में बाउंड्रीवाल, मंच निर्माण और सामुदायिक भवन की मरम्मत के लिए 15 लाख रुपये के काम का भूमिपूजन हुआ।

इसके अलावा वार्ड 59 दर्रीखार में एनटीपीसी की सीएसआर मद से बने बस स्टॉप यात्री प्रतीक्षालय और वार्ड 58 में तैयार सामुदायिक भवन का फीता काटकर लोकार्पण किया गया। इन दोनों परियोजनाओं पर क्रमशः 9 लाख और 10 लाख रुपये खर्च किए गए हैं।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मंत्री देवांगन ने कहा कि केंद्र में नरेंद्र मोदी और राज्य में विष्णुदेव साय के नेतृत्व में प्रदेश में पारदर्शी शासन और तेज विकास पर जोर दिया जा रहा है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि कोरबा के विकास कार्यों में कोई बाधा नहीं आने दी जाएगी।

महापौर राजपूत ने अपने संबोधन में कहा कि प्रदेश और शहर के विकास के लिए जनप्रतिनिधि मिलकर काम कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी द्वारा बनाए गए छत्तीसगढ़ को आगे बढ़ाने की जिम्मेदारी सभी की है। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों और स्थानीय नागरिकों की बड़ी संख्या मौजूद रही।