बंद कमरे में सिगड़ी का धुआं बना जानलेवा, दंपती और मासूम बच्ची की दर्दनाक मौत

5

The Duniyadari: सूरजपुर। सूरजपुर जिले से एक बेहद दुखद घटना सामने आई है, जहां कोयले की सिगड़ी से उठे जहरीले धुएं ने एक ही परिवार के तीन लोगों की जान ले ली। हादसे में पति-पत्नी और उनकी तीन वर्षीय बच्ची की दम घुटने से मौत हो गई। घटना कोतवाली थाना क्षेत्र की बताई जा रही है।

मिली जानकारी के अनुसार, चंद्रपुर गांव में रहने वाले कवल अपनी पत्नी कुन्ती और तीन साल की बेटी ममता के साथ प्रधानमंत्री आवास के एक कमरे में सो रहे थे। ठंड से बचने के लिए कमरे के भीतर सिगड़ी जलाई गई थी। वहीं, परिवार के अन्य सदस्य दूसरे कमरे में मौजूद थे।

सुबह काफी देर तक दरवाजा नहीं खुलने पर परिजनों को आशंका हुई। दरवाजा तोड़कर अंदर पहुंचने पर तीनों अचेत अवस्था में मिले। आशंका जताई जा रही है कि बंद कमरे में सिगड़ी के धुएं से कार्बन मोनोऑक्साइड फैल गई, जिससे दम घुटने के कारण उनकी मौत हो गई।

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस घटनास्थल की जांच कर पूरे मामले की पड़ताल कर रही है।