The Duniyadari:जशपुरनगर। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने अपने 62वें जन्मदिन के अवसर पर पारिवारिक और सामाजिक सरोकारों से जुड़ा सादगीभरा कार्यक्रम चुना। वे अपने गृहग्राम बगिया पहुंचे, जहां सबसे पहले अपनी मां से आशीर्वाद लिया। इसके बाद उन्होंने बगिया स्थित बालक आश्रम में बच्चों के साथ समय बिताकर जन्मदिन की खुशियां साझा कीं।
मुख्यमंत्री बगिया हेलीपैड के पास स्थित बालक आश्रम पहुंचे, जहां बच्चों ने उत्साह के साथ उनका स्वागत किया। बच्चों के बीच पहुंचते ही माहौल खुशनुमा हो गया। मुख्यमंत्री ने बच्चों के साथ केक काटा और उनसे आत्मीय बातचीत की।
बच्चों के साथ घुलते-मिलते दिखे मुख्यमंत्री
मुख्यमंत्री ने आश्रम के विद्यार्थियों से पढ़ाई, खेलकूद और उनके सपनों के बारे में चर्चा की। उनके सहज और सरल व्यवहार से बच्चे बेहद प्रसन्न नजर आए। वे उनके आसपास एकत्र होकर खुलकर बातें करते रहे।
इस दौरान मुख्यमंत्री ने अपने हाथों से बच्चों को केक और चॉकलेट वितरित किए। आश्रम में कक्षा पहली से पांचवीं तक के विद्यार्थी अध्ययनरत हैं, जिनमें बड़ी संख्या आदिवासी समुदाय के बच्चों की है।
पढ़ाई पर ध्यान देने की दी सीख
मुख्यमंत्री ने बच्चों को मन लगाकर पढ़ाई करने, जीवन में आगे बढ़ने और अपने परिवार व प्रदेश का नाम रोशन करने की प्रेरणा दी। उन्होंने सभी विद्यार्थियों को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं भी दीं।
कार्यक्रम में विधायक गोमती साय, कमिश्नर नरेंद्र दुग्गा, आईजी दीपक कुमार झा, कलेक्टर रोहित व्यास, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह, जिला पंचायत सीईओ अभिषेक कुमार, प्रशिक्षु आईएफएस यशस्वी मौर्य, भरत सिंह सहित अन्य जनप्रतिनिधि, अधिकारी और आश्रम स्टाफ मौजूद रहे।
































