Monday, March 2, 2026
Home कोरबा होली कार्यक्रम के बाद बवाल: दादर चखना सेंटर में दो गुट भिड़े,...

होली कार्यक्रम के बाद बवाल: दादर चखना सेंटर में दो गुट भिड़े, तीन घायल

12

The Duniyadari: कोरबा, 02 मार्च होली के मौके पर आयोजित एक सांस्कृतिक कार्यक्रम के बाद शहर में दो युवकों के गुटों के बीच हुआ विवाद हिंसक झड़प में बदल गया। दादर क्षेत्र स्थित शराब दुकान के चखना सेंटर में हुई मारपीट में तीन युवक घायल हो गए। मामला मानिकपुरी पुलिस चौकी क्षेत्र का बताया जा रहा है।

मिली जानकारी के अनुसार, मानिकपुर इलाके के एक भवन में होली इवेंट आयोजित किया गया था। कार्यक्रम के दौरान किसी बात को लेकर दो पक्षों के बीच कहासुनी हो गई थी। उस समय मौजूद लोगों ने हस्तक्षेप कर मामला शांत करा दिया था, लेकिन दोनों पक्षों के बीच तनाव बना रहा।

कार्यक्रम समाप्त होने के बाद एक पक्ष के युवक दादर स्थित शराब दुकान पहुंच गए। कुछ समय बाद दूसरा पक्ष भी वहां आ गया। आमना-सामना होते ही दोनों के बीच फिर बहस शुरू हो गई और देखते ही देखते हाथापाई में बदल गई। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक झगड़े के दौरान एक युवक के सिर पर खाली शराब की बोतल से वार किया गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। कुल तीन युवकों को चोटें आई हैं।

घटना स्थल पर लगे सीसीटीवी कैमरों में पूरी मारपीट रिकॉर्ड हो गई है। वहीं, किसी व्यक्ति द्वारा बनाया गया वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस सक्रिय हुई। मानिकपुरी चौकी पुलिस फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान कर उनकी तलाश कर रही है।

इधर, होली त्योहार के मद्देनज़र कोरबा पुलिस ने जिले में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए विशेष अभियान तेज कर दिया है। “सजग कोरबा, सतर्क कोरबा” अभियान के तहत हाल ही में 67 गिरफ्तारी वारंट और 30 स्थायी वारंट तामील कर कुल 97 वारंटियों के खिलाफ कार्रवाई की गई है। पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि त्योहार के दौरान हुड़दंग और असामाजिक तत्वों के खिलाफ सख्त कदम उठाए जाएंगे।