The Duniyadari: रायपुर/अभनपुर। छत्तीसगढ़ के रायपुर जिले के अभनपुर क्षेत्र अंतर्गत ग्राम भलेरा के धान खरीदी केंद्र में गड़बड़ी का चौंकाने वाला मामला सामने आया है। यहां धान की बोरियों में पाइप के माध्यम से पानी डालकर उनका वजन बढ़ाने की कोशिश की जा रही थी। इस पूरी घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से फैल रहा है, जिसके बाद इलाके में हड़कंप मच गया है और ग्रामीणों में भारी नाराजगी देखने को मिल रही है।
मिली जानकारी के अनुसार आरंग विकासखंड के भलेरा सहकारी समिति द्वारा संचालित धान खरीदी केंद्र में कुछ कर्मचारी धान के स्टैक को बोरवेल के पानी से भिगोते नजर आए। आरोप है कि धान को गीला कर उसका वजन बढ़ाने की कोशिश की जा रही थी, ताकि खरीदी के दौरान अधिक मात्रा दिखाकर आर्थिक फायदा लिया जा सके। इस तरह की करतूत से शासन को लाखों रुपये का नुकसान होने की आशंका जताई जा रही है।
बताया जा रहा है कि गांव के कुछ लोगों को इस गतिविधि की भनक लग गई थी। इसके बाद ग्रामीण मौके पर पहुंचे और धान की बोरियों में पानी डालते हुए समिति के लिपिक उमेश साहू को पकड़ लिया। स्थानीय लोगों का दावा है कि उस समय समिति के प्रबंधक विष्णु साहू और अध्यक्ष लीलू साहू भी वहीं मौजूद थे।
घटना सामने आने के बाद बड़ी संख्या में ग्रामीण खरीदी केंद्र पहुंच गए और जमकर विरोध प्रदर्शन किया। लोगों का कहना है कि धान की बोरियों में पानी डालकर वजन बढ़ाना सीधे तौर पर भ्रष्टाचार है, जिससे किसानों की मेहनत के साथ-साथ सरकारी खजाने को भी नुकसान पहुंचता है। ग्रामीणों ने दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
इस मामले को लेकर राजनीतिक प्रतिक्रिया भी सामने आई है। कांग्रेस नेता एवं जिला पंचायत सदस्य यशवंत साहू ने घटना की निंदा करते हुए कहा कि किसानों के हितों से खिलवाड़ करने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाना चाहिए। उन्होंने प्रशासन से वायरल वीडियो की निष्पक्ष जांच कर दोषियों पर सख्त कार्रवाई करने की मांग की है।
गौरतलब है कि इससे पहले आरंग क्षेत्र के मुनरेठी धान खरीदी केंद्र में भी इसी तरह की अनियमितता का मामला सामने आ चुका है। लगातार ऐसी घटनाएं सामने आने से धान खरीदी केंद्रों की निगरानी व्यवस्था पर सवाल उठने लगे हैं। अब सबकी नजर प्रशासन की कार्रवाई पर टिकी है कि इस मामले में क्या कदम उठाए जाते हैं।
































