The Duniyadari: रायपुर। आरंग थाना क्षेत्र में नाबालिग लड़की को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले जाने के मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक प्रक्रिया शुरू कर दी है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए सुनील कुर्रे (23) और कैलाश कुर्रे (22), दोनों निवासी सतनामी पारा नारा, थाना आरंग, जिला रायपुर को हिरासत में लिया है।
पुलिस के अनुसार घटना 11 मार्च 2026 की दरम्यानी रात करीब 3 से 4 बजे के बीच ग्राम बरछा में हुई। आरोप है कि दोनों युवकों ने 15 वर्षीय नाबालिग को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले जाने की कोशिश की। मामले की सूचना मिलते ही आरंग पुलिस ने तत्काल जांच शुरू की और अलग-अलग स्थानों पर तलाश अभियान चलाया।
जांच के दौरान 13 मार्च को पुलिस ने नाबालिग को सुरक्षित बरामद कर लिया। इसके बाद महिला पुलिस अधिकारी के सामने पीड़िता का बयान दर्ज किया गया। बयान और जांच के आधार पर आरोपियों के खिलाफ अपराध क्रमांक 153/2026 दर्ज करते हुए भारतीय न्याय संहिता की धारा 137(2), 65(1), 87, 3(5) तथा पॉक्सो एक्ट की धारा 6 के तहत मामला कायम किया गया।
पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में केंद्रीय जेल रायपुर भेजने का आदेश दिया गया।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि नाबालिगों से जुड़े मामलों में सख्त कार्रवाई की जाएगी। साथ ही आम लोगों से भी अपील की गई है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को दें, ताकि समय रहते कार्रवाई कर ऐसी घटनाओं को रोका जा सके।















