Sunday, March 15, 2026
Home Breaking महिला से मारपीट का आरोप: अलग रह रहे पति पर गाली-गलौज और...

महिला से मारपीट का आरोप: अलग रह रहे पति पर गाली-गलौज और हमले की शिकायत

3

The Duniyadari: रायपुर। राजधानी रायपुर के आमापारा निगम कॉलोनी में एक महिला ने अपने अलग रह रहे पति पर मारपीट और अभद्र व्यवहार का आरोप लगाया है। पीड़िता का कहना है कि सार्वजनिक स्थान पर पति ने न सिर्फ गाली-गलौच की, बल्कि हाथ उठाकर हमला भी किया। घटना के बाद इलाके में चर्चा का माहौल बन गया है।

मिली जानकारी के अनुसार महिला पिछले करीब 12 वर्षों से अपने पति बबलु सेंद्रे से अलग रह रही है और फिलहाल अपनी मां के घर में रहती है। महिला के मुताबिक 13 मार्च 2026 की रात लगभग 8:30 बजे वह अपने भाई अनुराग सोनी और बहन कल्याणी सोनी के साथ कार से डगनिया जाने के लिए निकली थीं। इसी दौरान आमापारा निगम कॉलोनी स्थित हनुमान मंदिर के पास अचानक उनके पति से सामना हो गया।

महिला का आरोप है कि पति ने उन्हें देखते ही उनकी मां और बहन के लिए अशोभनीय शब्दों का इस्तेमाल करना शुरू कर दिया। जब उन्होंने इसका विरोध किया और गाली देने से मना किया तो पति ने थप्पड़ मार दिया और पास में रखे टेस्टर से उन पर हमला कर दिया। इस हमले में महिला के बाएं हाथ में चोट आई है।

पीड़िता ने यह भी आरोप लगाया कि मारपीट के दौरान पति ने उन्हें जान से मारने की धमकी दी। घटना के वक्त मौजूद उनके भाई और बहन ने भी पूरे घटनाक्रम को देखा और सुना। महिला के अनुसार इस घटना से उन्हें शारीरिक चोट के साथ-साथ मानसिक रूप से भी गहरा आघात पहुंचा है।

महिला का कहना है कि उनके पति का व्यवहार पहले भी आक्रामक रहा है और कई बार परिवार के सामने धमकियां दी जा चुकी हैं। उन्होंने इस मामले में पुलिस से कार्रवाई की मांग की है ताकि भविष्य में उनकी सुरक्षा सुनिश्चित हो सके।

मामले की जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर पीड़िता का बयान दर्ज किया है। पुलिस का कहना है कि शिकायत के आधार पर जांच की जा रही है और आरोपी के खिलाफ घरेलू हिंसा और महिला उत्पीड़न से जुड़े प्रावधानों के तहत आगे की कार्रवाई की जाएगी।