The Duniyadari: सरगुजा जिले के उदयपुर क्षेत्र में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां एक युवक ने अपने ही दोस्त की हत्या कर दी और सबूत छिपाने के लिए शव को कीचड़ से भरी डबरी में फेंक दिया। घटना की खबर फैलते ही इलाके में सनसनी फैल गई।
मृतक की पहचान शीतल के रूप में हुई है, जो उदयपुर थाना क्षेत्र के हनुमानगढ़ का रहने वाला बताया जा रहा है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, किसी बात को लेकर दोनों दोस्तों के बीच विवाद हो गया था। विवाद इतना बढ़ गया कि आरोपी ने शीतल की जान ले ली।
बताया जा रहा है कि वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी ने शव को पोतका गांव के पास स्थित एक डबरी में फेंक दिया, ताकि किसी को घटना की भनक न लगे। हालांकि कुछ ही समय बाद मामले की जानकारी पुलिस तक पहुंच गई।
सूचना मिलते ही उदयपुर थाना प्रभारी शिशिर कांत सिंह अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने डबरी का पानी निकलवाकर शव को बाहर निकलवाया और पंचनामा कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
पुलिस ने आरोपी युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। फिलहाल हत्या के पीछे की असली वजह सामने नहीं आ पाई है। पुलिस का कहना है कि पूछताछ के बाद ही पूरे मामले का खुलासा हो सकेगा। मामले की जांच जारी है।













