The Duniyadari: रायपुर। ओडिशा के कटक स्थित एससीबी मेडिकल कॉलेज के ट्रॉमा केयर आईसीयू में लगी आग की घटना में मरीजों की मौत पर छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने इस हादसे को बेहद दर्दनाक और दुखद बताया है।
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि इस दुर्घटना में हुई जनहानि की खबर बेहद पीड़ादायक है। उन्होंने शोक संतप्त परिवारों के प्रति अपनी गहरी संवेदनाएं व्यक्त करते हुए कहा कि इस कठिन समय में पूरा देश उनके साथ खड़ा है।
सीएम ने भगवान जगन्नाथ से प्रार्थना करते हुए दिवंगत आत्माओं की शांति और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की। साथ ही उन्होंने शोकाकुल परिजनों को इस दुख की घड़ी में धैर्य और संबल प्रदान करने की प्रार्थना भी की।
गौरतलब है कि कटक के एससीबी मेडिकल कॉलेज के ट्रॉमा केयर आईसीयू में आग लगने से कई मरीजों की जान चली गई, जबकि कई लोग घायल भी हुए हैं। हादसे के बाद अस्पताल प्रशासन और राहत टीमों ने स्थिति को नियंत्रित करने के लिए तत्काल बचाव कार्य शुरू किया।















