Monday, March 16, 2026
Home Breaking पैलेस ड्यूटी पर तैनात CAF जवान ने खुद को मारी गोली, अस्पताल...

पैलेस ड्यूटी पर तैनात CAF जवान ने खुद को मारी गोली, अस्पताल में हुई मौत

4

The Duniyadari: खैरागढ़ जिले के छुईखदान क्षेत्र में सोमवार शाम एक दर्दनाक घटना सामने आई, जब पैलेस सुरक्षा में तैनात छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल (CAF) के एक जवान ने अपनी सर्विस रायफल से खुद को गोली मार ली। गोली चलने की आवाज से पूरे परिसर में हड़कंप मच गया और साथी जवान तुरंत मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी।

मृतक की पहचान कृपाचंद सोनवानी (38 वर्ष) के रूप में हुई है, जो छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल की छठवीं बटालियन में पदस्थ था और मूल रूप से भिलाई का निवासी बताया जा रहा है। जानकारी के अनुसार घटना सोमवार शाम लगभग साढ़े पांच से छह बजे के बीच की है। गंभीर हालत में उसे तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया।

यह घटना उदयपुर स्थित राजपरिवार के पैलेस परिसर में हुई, जहां सुरक्षा व्यवस्था के तहत CAF जवानों की तैनाती की गई है। राजपरिवार में चल रहे पारिवारिक विवाद के कारण प्रशासन ने उदयपुर पैलेस और कमल विलास पैलेस को पहले से ही सील कर रखा है और दोनों परिसरों की सुरक्षा की जिम्मेदारी सशस्त्र बल के जवानों को दी गई है।

बताया जा रहा है कि सोमवार को भी कृपाचंद सोनवानी अपनी नियमित ड्यूटी पर मौजूद था। साथी जवानों के अनुसार वह पिछले कुछ समय से मानसिक तनाव में नजर आ रहा था, हालांकि उस समय किसी को अंदेशा नहीं था कि वह इतना बड़ा कदम उठा लेगा।

अचानक गोली चलने की आवाज सुनकर जब अन्य जवान मौके पर पहुंचे तो वह जमीन पर खून से लथपथ पड़ा मिला। उसने अपनी सर्विस रायफल से खुद पर फायर कर लिया था। तुरंत एंबुलेंस बुलाकर उसे अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

सूत्रों के मुताबिक कृपाचंद सोनवानी एक दिन पहले ही छुट्टी से वापस ड्यूटी पर लौटा था। शुरुआती जांच में आशंका जताई जा रही है कि किसी घरेलू या निजी कारण से उसने यह कदम उठाया हो सकता है। हालांकि घटनास्थल से अब तक कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है।

घटना की पुष्टि पुलिस महानिरीक्षक बलाजीराव सोमावर ने की है। पुलिस ने पूरे परिसर को घेराबंदी में लेकर जांच शुरू कर दी है और जवान के साथियों तथा अधिकारियों से पूछताछ की जा रही है।

फिलहाल शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल की मोर्चरी में रखा गया है। मंगलवार सुबह पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपा जाएगा। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच पूरी होने के बाद ही घटना के पीछे की असली वजह स्पष्ट हो पाएगी।