Tuesday, March 17, 2026
Home Breaking सूने मकान को बनाया निशाना, नकाब पहनकर पहुंचे चोर; CCTV में कैद...

सूने मकान को बनाया निशाना, नकाब पहनकर पहुंचे चोर; CCTV में कैद वारदात

18

The Duniyadari: बिलासपुर में चोरी की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं। रविवार देर रात सरकंडा थाना क्षेत्र के एक सूने मकान में घुसे शातिर चोरों ने सोने-चांदी के गहनों पर हाथ साफ कर दिया। चोरी की पूरी वारदात कॉलोनी में लगे CCTV कैमरे में रिकॉर्ड हो गई है, जिसमें आरोपी नकाब और ग्लव्स पहनकर बेहद सुनियोजित तरीके से घर में घुसते दिखाई दे रहे हैं।

मामला मोपका क्षेत्र के चिल्हाटी मोड़ स्थित विवेकानंद रेसिडेंसी का है। यहां रहने वाले घनश्याम कुमार ने बताया कि उनके बड़े भाई नितेश रंजन, जो पेशे से इंजीनियर हैं, पिछले करीब आठ दिनों से अपने घर में ताला लगाकर बिहार के औरंगाबाद गए हुए हैं। इसी दौरान चोरों ने सूने मकान को निशाना बना लिया।

रविवार को कॉलोनी के लोगों ने घनश्याम कुमार को फोन कर बताया कि नितेश रंजन के घर का दरवाजा टूटा हुआ है। सूचना मिलते ही वे मौके पर पहुंचे तो देखा कि घर का सेंट्रल लॉक काटकर दरवाजा खोला गया था और अंदर सामान बिखरा पड़ा था। जांच करने पर घर से सोने-चांदी के गहने गायब मिले। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक करीब चार लाख रुपये के जेवरात चोरी हुए हैं।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। लगातार हो रही चोरी की घटनाओं को देखते हुए एसएसपी रजनेश सिंह भी मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने पुलिस अधिकारियों को निर्देश दिए कि CCTV फुटेज के आधार पर आरोपियों की जल्द पहचान कर उनकी गिरफ्तारी सुनिश्चित की जाए।

फिलहाल सरकंडा पुलिस मामला दर्ज कर फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर चोर गिरोह की तलाश में जुटी हुई है।