Thursday, March 19, 2026
Home Breaking KORBA में आज निकलेगी भव्य हिंदू नववर्ष शोभायात्रा, ट्रैफिक एडवाइजरी जारी—इन रास्तों...

KORBA में आज निकलेगी भव्य हिंदू नववर्ष शोभायात्रा, ट्रैफिक एडवाइजरी जारी—इन रास्तों पर रहेगा डायवर्जन

20

The Duniyadari: कोरबा। हिंदू नववर्ष के अवसर पर आज शहर में भव्य शोभायात्रा का आयोजन किया जा रहा है। इसे लेकर पुलिस और प्रशासन ने सुरक्षा के साथ-साथ यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए विस्तृत ट्रैफिक प्लान जारी किया है। अगर आप आज कोरबा आने या शहर में कहीं जाने का प्लान बना रहे हैं, तो पहले यह एडवाइजरी जरूर देख लें।

प्रशासन के अनुसार दोपहर 1 बजे से शोभायात्रा के प्रमुख मार्गों पर यातायात पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। ऐसे में आम नागरिकों को वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करने की सलाह दी गई है।

शोभायात्रा का निर्धारित रूट

शोभायात्रा की एक धारा सीतामढ़ी से शुरू होकर पुराने बस स्टैंड, रेलवे क्रॉसिंग, सोनालिया चौक और टी.पी. नगर चौक से होते हुए नए बस स्टैंड तक जाएगी।

वहीं दूसरी शोभायात्रा कोसाबाड़ी से निकलकर सुभाष चौक, घंटाघर चौक, महाराणा प्रताप चौक, जैन चौक, सीएसईबी चौक और आईसीआईसीआई बैंक मार्ग होते हुए टी.पी. नगर में समाप्त होगी।

इन मार्गों पर रहेगा ट्रैफिक बंद

कोसाबाड़ी तिराहा से सीतामढ़ी चौक तक मुख्य मार्ग दोपहर 1 बजे से पूरी तरह बंद रहेगा। इसके अलावा शोभायात्रा रूट से जुड़े सभी प्रमुख चौक-चौराहों पर भी यातायात को डायवर्ट किया जाएगा।

वैकल्पिक मार्ग (डायवर्जन प्लान)

यातायात को सुचारू बनाए रखने के लिए कई वैकल्पिक रास्ते तय किए गए हैं, जिनमें उरगा तिराहा से सर्वमंगला, बरबसपुर से बालको, इमलीडुग्गू मार्ग, सर्वमंगला से सतनाम पुल, अजगर तिराहा और दर्री व आईटीआई चौक से अन्य मार्ग शामिल हैं।

पार्किंग की व्यवस्था

शहर में भीड़ को देखते हुए अलग-अलग स्थानों पर पार्किंग की सुविधा भी उपलब्ध कराई गई है। प्रमुख पार्किंग स्थल पी.जी. कॉलेज परिसर, सुभाष चौक मैदान, एम.पी. नगर मैदान, सीएसईबी ग्राउंड, सोनालिया चौक के पास का मैदान और जशन रिसॉर्ट के पास निर्धारित किए गए हैं।

पुलिस प्रशासन की अपील

पुलिस ने नागरिकों से सहयोग की अपील करते हुए कहा है कि वे निर्धारित रूट और डायवर्जन का पालन करें, भीड़भाड़ वाले इलाकों में अनावश्यक आवाजाही से बचें और समय से पहले अपनी यात्रा की योजना बनाएं।

शहर में उत्सव का माहौल है, लेकिन सुरक्षित और व्यवस्थित आयोजन के लिए प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद नजर आ रहा है।