Thursday, March 19, 2026
Home Breaking नशे में स्कूटी चला रही युवती ने किया बवाल, चेकिंग के दौरान...

नशे में स्कूटी चला रही युवती ने किया बवाल, चेकिंग के दौरान पुलिस से उलझी, वीडियो वायरल

26

The Duniyadari: बिलासपुर में देर रात वाहन चेकिंग के दौरान एक युवती ने जमकर हंगामा खड़ा कर दिया। पुलिस द्वारा रोकने पर उसने न सिर्फ कार्रवाई का विरोध किया बल्कि मौके पर मौजूद जवानों और लोगों से भी तीखी बहस करने लगी। पूरी घटना का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से फैल रहा है।

घटना सिविल लाइन थाना क्षेत्र की है, जहां राजीव गांधी चौक पर मंगलवार रात पुलिस टीम नियमित जांच कर रही थी। इस दौरान ब्रेथ एनालाइजर से वाहन चालकों की जांच की जा रही थी और नशे में ड्राइविंग करने वालों पर मोटर व्हीकल एक्ट के तहत कार्रवाई हो रही थी।

इसी बीच करीब साढ़े दस बजे महाराणा प्रताप चौक की तरफ से आ रही एक स्कूटी सवार युवती पुलिस को देखकर घबराई और बचकर निकलने की कोशिश करने लगी। हालांकि संतुलन बिगड़ने से वह स्कूटी सहित सड़क पर गिर गई। इसके बाद वह खुद को संभालने के बजाय पुलिस पर ही भड़क उठी और जोर-जोर से हंगामा करने लगी।

मौके पर मौजूद लोगों ने जब वीडियो बनाना शुरू किया तो युवती और ज्यादा उग्र हो गई। उसने गाली-गलौज करते हुए लोगों से कैमरा बंद करने को कहा और उल्टा उन्हें ही चुनौती देने लगी। कुछ देर तक सड़क पर अफरा-तफरी जैसी स्थिति बनी रही।

पुलिस ने स्थिति को संभालते हुए आवश्यक कार्रवाई की और मामले को शांत कराया। फिलहाल वीडियो वायरल होने के बाद घटना चर्चा का विषय बन गई है।