Friday, March 20, 2026
Home Breaking तेज रफ्तार कार ट्रैक्टर-ट्रॉली से टकराई, दो की मौके पर मौत, दो...

तेज रफ्तार कार ट्रैक्टर-ट्रॉली से टकराई, दो की मौके पर मौत, दो गंभीर

15

The Duniyadari: अनूपपुर जिले में गुरुवार रात एक भीषण सड़क हादसे में दो लोगों की जान चली गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना कोतमा थाना क्षेत्र के राष्ट्रीय राजमार्ग-43 पर सलीम ढाबा के पास की है।

जानकारी के मुताबिक, डीजल से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली के पीछे से आ रही तेज रफ्तार कार ने जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार के आगे का हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और उसमें सवार चालक दुलारे शर्मा (40) और गीता पनिका की मौके पर ही मौत हो गई।

हादसे में कार में सवार दो अन्य लोग—हरिशंकर चतुर्वेदी (64) और मीना देवांगन (33)—गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों को पहले कोतमा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी हालत गंभीर देखते हुए जिला अस्पताल अनूपपुर रेफर किया गया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कार शहडोल से मनेंद्रगढ़ की ओर जा रही थी और तेज गति के कारण चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका, जिससे वह आगे चल रहे ट्रैक्टर-ट्रॉली में जा घुसी। टक्कर के बाद ट्रैक्टर-ट्रॉली सड़क से उतरकर खेत में जा घुसी।

घटना के बाद कुछ समय के लिए हाईवे पर जाम की स्थिति बन गई थी, जिसे पुलिस ने मौके पर पहुंचकर नियंत्रित किया। पुलिस ने दोनों वाहनों और डीजल को जब्त कर लिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।