The Duniyadari: छत्तीसगढ़ के बालोद जिले से एक बेहद दुखद घटना सामने आई है, जहां एक मासूम की जिंदगी खेल-खेल में खत्म हो गई। बालोद थाना क्षेत्र के ग्राम नेवारीकला में दूसरी कक्षा में पढ़ने वाला 7 वर्षीय हर्ष कुमार साहू पतंग उड़ाते समय ऊंचाई से गिर गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
जानकारी के मुताबिक, सोमवार सुबह हर्ष स्कूल जाने के लिए घर से निकला था, लेकिन रास्ते में अपने दोस्तों के साथ पतंग उड़ाने लग गया। वह पास के एक मकान की दूसरी मंजिल की छत पर चढ़ गया। छत पर सुरक्षा के लिए बाउंड्री वाल नहीं थी, इसी दौरान संतुलन बिगड़ने से वह करीब 30 फीट नीचे गिर पड़ा।
तेज आवाज सुनकर आसपास के लोग तुरंत मौके पर पहुंचे और परिजनों को सूचना दी। आनन-फानन में उसे जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
हर्ष अपने परिवार का इकलौता बेटा था और दो बहनों के बीच सबसे छोटा था। उसके पिता शहर में एक गैरेज में काम करते हैं और हादसे के वक्त ड्यूटी पर थे। बेटे की मौत की खबर सुनते ही परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। मां की हालत भी बिगड़ गई और वह बेहोश हो गईं, जबकि पूरे परिवार में कोहराम मच गया।
नवरात्रि के दौरान हुई इस घटना से पूरे गांव का माहौल गमगीन हो गया है। हर कोई इस हादसे से स्तब्ध है और परिजनों को सांत्वना दे रहा है।
पुलिस ने मामले में पंचनामा और पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी कर शव परिजनों को सौंप दिया है। प्रारंभिक जांच में इसे लापरवाही का मामला माना जा रहा है। अधिकारियों ने अभिभावकों से अपील की है कि छोटे बच्चों को छत या ऊंचाई वाले स्थानों पर अकेला न छोड़ें और सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम जरूर करें, ताकि इस तरह की घटनाओं से बचा जा सके।















