Sunday, April 26, 2026
Home Breaking हथबंद शराब दुकान फिर विवादों में, बोरी भरकर देशी शराब देने का...

हथबंद शराब दुकान फिर विवादों में, बोरी भरकर देशी शराब देने का वीडियो वायरल

28

The Duniyadari: बलौदाबाजार। जिले की शासकीय शराब दुकानों की कार्यप्रणाली एक बार फिर सवालों के घेरे में आ गई है। इस बार मामला हथबंद स्थित सरकारी शराब दुकान का है, जहां कथित तौर पर नियमों को ताक पर रखकर बड़े पैमाने पर शराब की बिक्री किए जाने का आरोप लगा है। इस पूरी घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिससे प्रशासन की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठने लगे हैं।

वायरल वीडियो में दुकान के कर्मचारियों द्वारा कथित रूप से कोचियों को बोरी में भरकर बड़ी मात्रा में देशी शराब दी जा रही है। वीडियो में एक व्यक्ति को प्लास्टिक की बोरी में 200 पाव से अधिक देशी मसाला शराब लेते हुए देखा जा सकता है। जबकि आबकारी नियमों के अनुसार किसी भी व्यक्ति को सीमित मात्रा में ही शराब बिक्री की अनुमति है, लेकिन यहां खुलेआम नियमों की अनदेखी होती दिखाई दे रही है।

इस घटना ने न केवल शासकीय शराब दुकानों की पारदर्शिता पर सवाल खड़े किए हैं, बल्कि पुलिस और आबकारी विभाग की निगरानी व्यवस्था पर भी संदेह पैदा कर दिया है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि इस तरह की गतिविधियां लंबे समय से जारी हैं, लेकिन शिकायतों के बावजूद अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है।

वीडियो सामने आने के बाद अब लोगों की निगाहें प्रशासन की कार्रवाई पर टिकी हुई हैं। देखना होगा कि जिम्मेदार विभाग इस मामले में क्या कदम उठाते हैं और नियमों का उल्लंघन करने वालों पर किस प्रकार की कार्रवाई की जाती है।