The Duniyadari: रायपुर। महावीर जयंती के पावन अवसर पर शहर में शांति और धार्मिक भावनाओं को ध्यान में रखते हुए नगर पालिक निगम रायपुर ने 31 मार्च 2026 को मांस-मटन की बिक्री पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने का निर्णय लिया है। यह निर्णय मीनल चौबे के निर्देश पर लिया गया है।
नगर निगम के स्वास्थ्य विभाग द्वारा जारी आदेश के अनुसार, महावीर जयंती के दिन निगम क्षेत्र के सभी पशुवध गृह और मांस-मटन की दुकानों को बंद रखा जाएगा। इस संबंध में स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. तृप्ति पाणीग्रही ने निर्देश जारी करते हुए कहा है कि आदेश का कड़ाई से पालन सुनिश्चित किया जाएगा।
निगम प्रशासन ने सभी जोन स्वास्थ्य अधिकारियों और स्वच्छता निरीक्षकों को अपने-अपने क्षेत्रों में निगरानी करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही होटलों और रेस्टोरेंट में भी मांसाहारी खाद्य पदार्थों की बिक्री पर प्रतिबंध रहेगा।
नगर निगम ने स्पष्ट किया है कि आदेश का उल्लंघन करने वाले दुकानदारों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर सामग्री जब्त करने के साथ संबंधित व्यक्तियों पर नियमानुसार दंडात्मक कार्रवाई भी की जाएगी।















