Monday, March 30, 2026
Home Breaking पानी टंकी की सीढ़ी बनी विवाद की वजह, युवक की पीट-पीटकर हत्या

पानी टंकी की सीढ़ी बनी विवाद की वजह, युवक की पीट-पीटकर हत्या

10

The Duniyadari: बिलासपुर- जिले के सीपत थाना क्षेत्र में मामूली विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। पानी टंकी की सीढ़ियों पर सोने को लेकर हुए झगड़े में एक युवक की बेरहमी से हत्या कर दी गई। पुलिस ने मामले में आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।

ग्रामीण अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मधुलिका सिंह ने बताया कि रविवार को ग्राम सेलर के बरभाठा स्थित पानी टंकी के पास एक युवक का शव मिलने की सूचना मिली थी। पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव की पहचान 32 वर्षीय राजू धुरी के रूप में की गई। निरीक्षण के दौरान मृतक के सिर पर गंभीर चोट के निशान मिले, जिससे हत्या की आशंका मजबूत हुई।

पुलिस ने घटनास्थल की जांच कर पंचनामा कार्रवाई पूरी की और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। शॉर्ट पोस्टमार्टम रिपोर्ट में हत्या की पुष्टि होने के बाद पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ शुरू की। जांच के दौरान संदेह अनिल केंवट (40) पिता रामकुमार केंवट पर गया, जो अक्सर पानी टंकी की रेलिंग पर सोया करता था।

हिरासत में लेकर पूछताछ करने पर आरोपी ने अपराध कबूल कर लिया। उसने बताया कि रविवार रात खाना खाने के बाद वह सोने के लिए पानी टंकी पहुंचा, जहां पहले से राजू धुरी सो रहा था। जगह को लेकर दोनों के बीच विवाद शुरू हुआ, जो देखते ही देखते मारपीट में बदल गया।

गुस्से में आकर आरोपी ने पास में रखे बांस के डंडे से राजू धुरी के सिर पर कई वार किए। गंभीर चोट लगने से युवक ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी वहां से फरार हो गया।

पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि छोटे-मोटे विवादों को शांतिपूर्ण तरीके से सुलझाएं और कानून हाथ में लेने से बचें।