Monday, March 30, 2026
Home Breaking सनसनीखेज हत्याकांड का खुलासा: संपत्ति विवाद में भाई बना मास्टरमाइंड, 11 आरोपी...

सनसनीखेज हत्याकांड का खुलासा: संपत्ति विवाद में भाई बना मास्टरमाइंड, 11 आरोपी गिरफ्तार, 4 नाबालिग भी शामिल

3

The Duniyadari: मुंगेली। सेवानिवृत्त लेखापाल दामोदर सिंह राजपूत (62) की हत्या के मामले में मुंगेली पुलिस ने बड़ा खुलासा करते हुए 11 आरोपियों और 4 नाबालिगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस जांच में सामने आया कि इस पूरे हत्याकांड का मास्टरमाइंड मृतक का सगा भाई और अन्य परिजन ही थे, जिन्होंने करोड़ों की संपत्ति हड़पने के लिए सुपारी देकर हत्या की साजिश रची थी।

पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने परिवार में चल रहे पिता-पुत्र विवाद का फायदा उठाया और दामोदर सिंह को यह विश्वास दिलाया कि उनके बेटे से उन्हें जान का खतरा है। इसी दौरान आरोपियों ने मृतक से करोड़ों रुपये की संपत्ति अपने नाम करवा ली। साथ ही बेटे को संपत्ति से वंचित करने के लिए फर्जी वचनपत्र और नोटरी दस्तावेज भी तैयार कराए गए।

घटना 21 मार्च 2026 की है, जब आरोपियों ने ग्राम मनोहरपुर के सुनसान रास्ते में दामोदर सिंह को रोककर गमछे से गला घोंटकर हत्या कर दी। इसके बाद शव को हुंडई ईऑन कार में रखा गया, लेकिन रास्ते में वाहन खराब होने पर शव को टाटा स्पेशियस गोल्ड कार में शिफ्ट किया गया। बाद में पंडरिया थाना क्षेत्र के देवसरा गांव के जंगल में नदी किनारे गड्ढा खोदकर शव को दफना दिया गया।

मामले का खुलासा तब हुआ जब मृतक के भाई बलबीर सिंह ने 22 मार्च को लालपुर थाना में गुमशुदगी दर्ज कराई। जांच के दौरान पुलिस ने “त्रिनयन एप” और सीसीटीवी फुटेज की मदद से संजय यादव और उसके साथियों तक पहुंच बनाई। पूछताछ में आरोपियों ने पूरी साजिश का खुलासा कर दिया।

पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि मृतक की संपत्ति में लगभग 4 करोड़ रुपये की जमीन और करीब 30 तोला सोना शामिल था, जिसे लेकर परिवार में लंबे समय से विवाद चल रहा था।

गिरफ्तार आरोपी

पुलिस ने मामले में रणजीत सिंह राजपूत, पालेश्वर राजपूत, रामपाल सिंह राजपूत, पराग सिंह राजपूत, हेमंत राजपूत, अजय राजपूत, संजय यादव, श्रवण उर्फ प्रिंस गोई, योगेश गंधर्व उर्फ योगेश्वर, देवराज साहू उर्फ दद्दू, आशीष कारीकांत उर्फ धर्मेंद्र उर्फ बाबू सहित 4 नाबालिगों को गिरफ्तार किया है।

बरामद सामान

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से हत्या में प्रयुक्त हुंडई ईऑन कार, टाटा स्पेशियस गोल्ड कार, एक मोटरसाइकिल, एक स्कूटी और सुपारी के 96 हजार रुपये सहित अन्य सामग्री जब्त की है।

मामले में थाना लालपुर में आरोपियों के खिलाफ धारा 61(2), 103(1), 140(2), 238 बीएनएस के तहत अपराध दर्ज कर सभी आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है, जबकि नाबालिगों को बाल संप्रेषण गृह भेजा गया है।

इस पूरे मामले में मुंगेली पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और सतर्क जांच के आधार पर अंधे हत्याकांड का खुलासा कर दिया। पुलिस का कहना है कि पारिवारिक विवाद और संपत्ति के लालच ने इस गंभीर अपराध को जन्म दिया।