Wednesday, April 1, 2026
Home Breaking कोरबा में गौरव पथ से पहले नाली निर्माण पर विवाद, कांग्रेस पार्षदों...

कोरबा में गौरव पथ से पहले नाली निर्माण पर विवाद, कांग्रेस पार्षदों ने लगाए भ्रष्टाचार के आरोप

18
Oplus_16908288

The Duniyadari: कोरबा- बुधवारी बाजार चौक से साकेत भवन तक प्रस्तावित गौरव पथ निर्माण से पहले कराए जा रहे नाली निर्माण को लेकर नगर निगम की कार्यप्रणाली पर सवाल उठने लगे हैं। कांग्रेस पार्षद दल ने निर्माण स्थल का निरीक्षण कर कार्य में अनियमितताओं और भ्रष्टाचार के गंभीर आरोप लगाए हैं।

कांग्रेस अध्यक्ष एवं पार्षद मुकेश राठौर के नेतृत्व में नेता प्रतिपक्ष कृपाराम साहू, पार्षद रवि चंदेल, बद्री किरण और नारायण कुर्रे सहित अन्य जनप्रतिनिधि मौके पर पहुंचे और निर्माण कार्य का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान पार्षदों ने कहा कि जिस सड़क पर जल्द ही गौरव पथ का निर्माण होना है, वहां पहले नाली बनाना पूरी तरह से अव्यवहारिक है और इससे सरकारी संसाधनों की अनावश्यक बर्बादी हो रही है।

पार्षदों ने आरोप लगाया कि निर्माण कार्य में तय मानकों का पालन नहीं किया जा रहा है। उनके अनुसार नाली निर्माण में कंक्रीट की जगह ईंटों का इस्तेमाल किया जा रहा है, जो गुणवत्ता पर सवाल खड़े करता है और नियमों के विपरीत है। उन्होंने यह भी दावा किया कि इस कार्य की पूरी जानकारी नगर निगम के वरिष्ठ अधिकारियों तक को नहीं है, जिससे पूरे मामले में गड़बड़ी की आशंका और बढ़ गई है।

कांग्रेस पार्षदों ने चेतावनी देते हुए कहा कि मामले की शिकायत नगर निगम आयुक्त से की जाएगी। यदि दोषियों पर कार्रवाई नहीं हुई, तो वे धरना-प्रदर्शन कर इस मुद्दे को जनता के बीच उठाएंगे। पार्षदों का कहना है कि यह जनता के टैक्स के पैसे का दुरुपयोग है, जिसे किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं किया जाएगा।

इस पूरे मामले में नगर निगम के अधिकारियों से पक्ष जानने का प्रयास किया गया, लेकिन खबर लिखे जाने तक उनका कोई जवाब नहीं मिल सका।