Monday, September 7, 2026
Home Breaking CG में सनसनी: शराब को लेकर विवाद, दोस्त की हत्या कर घर...

CG में सनसनी: शराब को लेकर विवाद, दोस्त की हत्या कर घर में दफनाया शव, 9 दिन बाद आरोपी ने किया सरेंडर

76

The Duniyadari: अंबिकापुर। जिले के गांधीनगर थाना क्षेत्र से एक चौंकाने वाला हत्या का मामला सामने आया है, जहां मामूली विवाद ने खौफनाक रूप ले लिया। शराब पीने को लेकर हुए झगड़े में एक युवक ने अपने ही दोस्त की लाठी-डंडे से पीटकर हत्या कर दी और सबूत छिपाने के लिए पत्नी की मदद से शव को घर के अंदर ही जमीन में दफना दिया। घटना का खुलासा तब हुआ, जब आरोपी नौ दिन बाद खुद थाने पहुंचा और पूरी घटना की जानकारी देते हुए अपना अपराध स्वीकार कर लिया।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 25 मार्च की रात मृतक बृजलाल अपने मित्र मिथलेश कुजूर के घर पहुंचा था। इस दौरान शराब पीने को लेकर दोनों के बीच बातचीत हुई, लेकिन नवरात्रि का हवाला देते हुए बृजलाल ने शराब पीने से इनकार कर दिया। इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद बढ़ गया। झगड़े के दौरान आरोपी का मोबाइल भी टूट गया, जिससे वह गुस्से में आ गया और लाठी-डंडे से बृजलाल पर हमला कर दिया। गंभीर चोट लगने से बृजलाल की मौके पर ही मौत हो गई।

हत्या के बाद आरोपी ने अपनी पत्नी के साथ मिलकर शव को घर के भीतर ही जमीन खोदकर दफना दिया, ताकि किसी को घटना की भनक न लगे। बताया जा रहा है कि घटना के बाद आरोपी मानसिक रूप से परेशान रहने लगा और उसे डर सताने लगा। इसी डर के चलते वह नौ दिन बाद खुद थाने पहुंचा और पूरी सच्चाई पुलिस के सामने रख दी।

सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और तहसीलदार तथा फॉरेंसिक टीम की मौजूदगी में जमीन खुदवाकर शव को बाहर निकाला गया। पुलिस ने आरोपी मिथलेश कुजूर को हिरासत में ले लिया है, जबकि उसकी पत्नी की भूमिका की भी जांच की जा रही है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की विस्तृत जांच में जुटी हुई है।