Friday, April 3, 2026
Home Breaking कांग्रेस कार्यालय में बवाल, नेताओं के बीच हाथापाई और तोड़फोड़

कांग्रेस कार्यालय में बवाल, नेताओं के बीच हाथापाई और तोड़फोड़

12

The Duniyadari: महासमुंद। भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस में विधानसभा चुनाव के बाद जारी अंदरूनी खींचतान अब खुलकर सामने आने लगी है। गुरुवार को महासमुंद जिला कांग्रेस कार्यालय में नेताओं के बीच विवाद इतना बढ़ गया कि मामला हाथापाई और तोड़फोड़ तक पहुंच गया। घटना के बाद पार्टी में गुटबाजी की चर्चा तेज हो गई है।

जानकारी के अनुसार, महंगाई के मुद्दे पर जिला कांग्रेस अध्यक्ष द्वारा प्रेसवार्ता आयोजित की गई थी। लेकिन कार्यक्रम में अपेक्षा से कम संख्या में कार्यकर्ता और पदाधिकारी पहुंचे। इसी बात को लेकर उपस्थित नेताओं के बीच बहस शुरू हुई, जो देखते ही देखते विवाद में बदल गई।

बताया जा रहा है कि पूर्व जिला कोषाध्यक्ष निर्मल जैन और वर्तमान जिला उपाध्यक्ष व पार्षद विजय साव के बीच तीखी नोकझोंक के बाद मारपीट शुरू हो गई। विवाद के दौरान कार्यालय के भीतर कुर्सियां फेंकी गईं और कांच के सामान भी तोड़ दिए गए, जिससे कार्यालय में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

घटना के बाद जिला कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि पूरे मामले की जानकारी प्रदेश कांग्रेस कमेटी को भेजी जाएगी और दोषी पाए जाने वालों पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। वहीं सूचना मिलते ही पुलिस भी मौके पर पहुंच गई और स्थिति को नियंत्रित किया गया।

इस घटना के बाद जिले में कांग्रेस की अंदरूनी कलह एक बार फिर चर्चा का विषय बन गई है। पार्टी के स्थानीय कार्यकर्ताओं में भी इस घटना को लेकर नाराजगी देखी जा रही है।