Saturday, September 12, 2026
Home Breaking बैठक में विवाद बना खूनी संघर्ष: बीच-बचाव करने पहुंचे युवक की चाकू...

बैठक में विवाद बना खूनी संघर्ष: बीच-बचाव करने पहुंचे युवक की चाकू मारकर हत्या, गांव में तनाव

65

The Duniyadari: बालोद- जिले के डौंडीलोहारा थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पंचायत बटेरा के आश्रित ग्राम जोगीभाठ में शीतला मंदिर को लेकर आयोजित बैठक हिंसक झड़प में बदल गई। विवाद इतना बढ़ गया कि बीच-बचाव करने पहुंचे एक युवक की चाकू मारकर हत्या कर दी गई। घटना के बाद पूरे गांव में दहशत का माहौल है, वहीं पुलिस ने आरोपियों को हिरासत में लेकर जांच शुरू कर दी है।

मिली जानकारी के अनुसार, बीती रात गांव में शीतला मंदिर से जुड़े मुद्दे को लेकर ग्रामीणों की बैठक बुलाई गई थी। चर्चा के दौरान कुछ लोगों और उप सरपंच के बीच बहस शुरू हुई, जो देखते ही देखते हाथापाई में बदल गई। इसी दौरान स्थिति को शांत कराने पहुंचे उप सरपंच डोमेन्द्र देशमुख के भतीजे कुणाल देशमुख पर गांव के ही सोहनलाल साहू ने चाकू से हमला कर दिया।

हमले में गंभीर रूप से घायल कुणाल देशमुख को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद गांव में तनाव की स्थिति बनी हुई है।

पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी सोहनलाल साहू सहित पांच लोगों को हिरासत में लिया है और उनसे पूछताछ की जा रही है। पुलिस का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल इलाके में स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस बल तैनात किया गया है।