Saturday, April 11, 2026
Home Breaking JEE मेन्स परीक्षा में नकल का अनोखा मामला, चप्पल में छिपाकर लाया...

JEE मेन्स परीक्षा में नकल का अनोखा मामला, चप्पल में छिपाकर लाया मोबाइल

24

The Duniyadari: भिलाई में आयोजित JEE Main परीक्षा के दौरान नकल का एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। बायो ब्रेक से लौटे एक परीक्षार्थी ने अपनी चप्पल में मोबाइल फोन छिपा रखा था, जिसे सुरक्षा कर्मियों ने शक होने पर पकड़ लिया। मामले में पुलिस ने परीक्षार्थी के खिलाफ अपराध दर्ज किया है।

जानकारी के अनुसार, 2 अप्रैल को पार्थिवी इंजीनियरिंग मैनेजमेंट कॉलेज में जेईई मेन्स की परीक्षा आयोजित की गई थी। प्रथम पाली में शामिल परीक्षार्थी आदित्य कुमार सुबह 8:25 बजे परीक्षा केंद्र पहुंचा। प्रवेश के दौरान सुरक्षा जांच की गई, लेकिन उसने जांच से पहले ही अपनी चप्पल उतार दी, जिससे उस समय कोई संदेह नहीं हुआ।

परीक्षार्थी को दूसरे फ्लोर पर स्थित लैब 12-ए में बैठाया गया, जहां उसका रजिस्ट्रेशन सुबह 8:40 बजे पूरा हुआ और उसे सिस्टम नंबर C-094 आवंटित किया गया। सुबह 9 बजे परीक्षा शुरू हुई। करीब 11:08 बजे वह बायो ब्रेक के लिए वाशरूम गया और 11:28 बजे वापस लौटा।

वापसी के दौरान दोबारा जांच की गई, लेकिन इस बार भी उसने जांच से पहले चप्पल उतार दी। इसी दौरान जब वह अपनी लैब की ओर जा रहा था, तो सुरक्षा गार्ड को उसके चलने के तरीके पर संदेह हुआ। वह चप्पल घसीटकर चल रहा था। शक होने पर चप्पल की जांच की गई, जिसमें पाया गया कि चप्पल को काटकर उसके अंदर मोबाइल फोन छिपाया गया था।

मामले की जानकारी तुरंत केंद्र प्रभारी और प्रबंधन को दी गई। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई और डायल 112 की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस परीक्षार्थी को अपने साथ थाने लेकर गई, जहां उसके खिलाफ मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी गई है।