The Duniyadari: रायगढ़- टाटानगर एक्सप्रेस में यात्रा के दौरान चोरी की घटना सामने आई है। नागपुर से रायगढ़ शादी समारोह में शामिल होने आ रहे एक यात्री का जेवरात और नगदी से भरा बैग अज्ञात चोरों ने पार कर दिया। घटना की शिकायत के बाद जीआरपी पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के मुताबिक नागपुर के शिवनगर माजरी रोड निवासी शहजाद अहमद अपनी पत्नी के साथ रायगढ़ में आयोजित अपने भांजे की शादी में शामिल होने के लिए नेताजी सुभाष चंद्र बोस इतवारी स्टेशन से टाटानगर एक्सप्रेस में सवार हुए थे। दोनों एस-3 बोगी में सीट नंबर 49 और 52 पर यात्रा कर रहे थे। सफर के दौरान उनकी पत्नी ने जेवर और नगदी से भरा बैग सीट नंबर 49 पर सिरहाने रख दिया और सो गईं।
बताया जा रहा है कि ट्रेन जब रायपुर स्टेशन पहुंची तो उनकी नींद खुली। इस दौरान देखा कि सिरहाने रखा बैग गायब था। आसपास यात्रियों से पूछताछ और खोजबीन के बावजूद बैग का कोई पता नहीं चल सका। आशंका है कि अज्ञात चोर ने मौके का फायदा उठाकर बैग पार कर दिया।
पीड़ित के अनुसार चोरी हुए बैग में सोने की बाली, गले का हार, ईयरिंग सहित 6,500 रुपये नगद रखे थे। कुल मिलाकर लगभग 67 हजार रुपये का सामान चोरी हो गया। घटना की सूचना मिलते ही जीआरपी ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और संदिग्धों की तलाश की जा रही है।















