The Duniyadari: कोरबा- जिला मेडिकल अस्पताल में पोस्टमार्टम में देरी को लेकर हुए विवाद ने गंभीर रूप ले लिया। सरपंच द्वारा की गई मारपीट में घायल हुए बुजुर्ग कर्मचारी की इलाज के दौरान मौत हो गई।
घटना के बाद पुलिस ने आरोपी सरपंच को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। मामला सिविल लाइन थाना रामपुर क्षेत्र का है।
जानकारी के अनुसार, 30 मार्च 2026 को जिला मेडिकल अस्पताल कोरबा में पोस्टमार्टम कराने पहुंचे बेंदरकोना गांव के सरपंच जय सिंह तंवर ने हंगामा शुरू कर दिया। वह मृतक का पोस्टमार्टम तुरंत कराने की मांग कर रहा था।
अस्पताल कर्मचारी अन्य जरूरी कार्य में व्यस्त थे और उन्होंने कुछ समय इंतजार करने को कहा। इसी बात पर सरपंच भड़क गया और उसने बुजुर्ग कर्मचारी के साथ मारपीट करते हुए उसका सिर दीवार से पटक दिया।
हमले में कर्मचारी गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया। घटना के बाद स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारियों में आक्रोश फैल गया और उन्होंने आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की मांग करते हुए धरना भी दिया। प्रारंभ में पुलिस ने शासकीय कार्य में बाधा, गाली-गलौज और मारपीट की धाराओं में मामला दर्ज किया था।
घायल कर्मचारी की हालत लगातार गंभीर बनी रही और 6 अप्रैल को इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में सिर में गंभीर चोट को मौत का कारण बताया गया। इसके बाद पुलिस ने मामले में हत्या की धारा जोड़ते हुए कार्रवाई तेज कर दी।
पुलिस ने आरोपी सरपंच जय सिंह तंवर को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। मामले की आगे की जांच जारी है।











