Friday, April 10, 2026
Home Breaking 12वीं हिंदी की पुनर्परीक्षा आज, 148 केंद्रों तक सुरक्षित पहुंचाए गए प्रश्न...

12वीं हिंदी की पुनर्परीक्षा आज, 148 केंद्रों तक सुरक्षित पहुंचाए गए प्रश्न पत्र

12

The Duniyadari: रायपुर- माध्यमिक शिक्षा मंडल द्वारा आयोजित बारहवीं कक्षा की हिंदी विषय की पुनर्परीक्षा को लेकर प्रशासन ने व्यापक तैयारी की है। जिले के सभी 148 परीक्षा केंद्रों तक प्रश्न पत्रों को सुरक्षित और निर्धारित समय पर पहुंचा दिया गया। कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह के निर्देश पर पूरी प्रक्रिया को पारदर्शी और व्यवस्थित ढंग से पूरा किया गया। परीक्षा की गोपनीयता बनाए रखने के लिए हर स्तर पर विशेष सतर्कता बरती गई।

प्रश्न पत्र वितरण की निगरानी के लिए एक्जीक्यूटिव मजिस्ट्रेट की ड्यूटी लगाई गई थी, जिससे पूरी व्यवस्था सुचारू रूप से संचालित हुई। सभी केंद्रों पर समय से प्रश्न पत्र पहुंचने के बाद परीक्षा सुबह 9 बजे से निर्धारित समय पर शुरू कराई गई।

बताया जा रहा है कि 12वीं हिंदी की यह पुनर्परीक्षा प्रश्न पत्र लीक होने के आरोपों के बाद आयोजित की जा रही है। यह परीक्षा 10 अप्रैल को सुबह 9 बजे से दोपहर 12:15 बजे तक आयोजित की जा रही है। प्रदेशभर में इस परीक्षा में कुल 2 लाख 39 हजार 177 विद्यार्थी शामिल हो रहे हैं, जबकि परीक्षा के लिए 2395 केंद्र बनाए गए हैं।

गौरतलब है कि हिंदी विषय की मूल परीक्षा 14 मार्च को आयोजित की गई थी, लेकिन परीक्षा से एक दिन पहले रात में सोशल मीडिया पर बी सेट के प्रश्न पत्र से जुड़े हस्तलिखित सवाल वायरल हो गए थे। मामले की गंभीरता को देखते हुए माध्यमिक शिक्षा मंडल ने परीक्षा रद्द कर दी थी और मामले में एफआईआर भी दर्ज कराई गई थी।