The Duniyadari: बलौदाबाजार- जिले के कसडोल थाना क्षेत्र अंतर्गत कटगी गांव में अवैध शराब बिक्री को लेकर विवाद हिंसक झड़प में बदल गया। ग्रामीणों द्वारा शिकायत किए जाने से नाराज आरोपियों ने गांव के लोगों के साथ मारपीट की, जिसके बाद ग्रामीण भी आक्रोशित हो गए और आरोपियों को पकड़कर उनकी पिटाई कर दी। बाद में चार आरोपियों को पुलिस के हवाले कर दिया गया, जबकि मुख्य आरोपी और उसका एक साथी मौके से फरार हो गए। घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
जानकारी के अनुसार, कटगी गांव के सर्वा मोड़ स्थित एक ढाबे पर लंबे समय से अवैध शराब बिक्री की शिकायत ग्रामीणों द्वारा की जा रही थी। इसी बात को लेकर मंगलवार रात विवाद शुरू हुआ, जब कुछ आरोपियों ने एक ग्रामीण के साथ मारपीट कर दी। इसके बाद बुधवार रात भी आरोपियों ने गांव में घूम-घूमकर लोगों को धमकाने की कोशिश की। आरोप है कि इस दौरान हथियार दिखाकर ग्रामीणों को डराया गया और एक व्यक्ति को बेरहमी से पीटा गया।
घटना से आक्रोशित ग्रामीण बड़ी संख्या में इकट्ठा हो गए। मौके पर पहुंचे ग्रामीणों को देख मुख्य आरोपी और उसका साथी फरार हो गए, लेकिन अन्य चार लोगों को ग्रामीणों ने पकड़ लिया। गुस्साए लोगों ने उनकी पिटाई की और बाद में पुलिस को सौंप दिया।
घटना की सूचना मिलते ही अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अभिषेक सिंह पुलिस बल के साथ गांव पहुंचे और ग्रामीणों को समझाइश देकर स्थिति को नियंत्रित किया। करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद गांव में शांति बहाल हुई।
पुलिस ने इस मामले में चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि मुख्य आरोपी पर 10 हजार रुपये का इनाम घोषित कर उसकी तलाश शुरू कर दी गई है। वहीं, आरोपियों के परिजनों ने गांव के सरपंच पर अवैध वसूली का आरोप लगाते हुए पुलिस को आवेदन दिया है। उनका दावा है कि शराब बिक्री के नाम पर हर साल रकम ली जाती थी।
पुलिस का कहना है कि दोनों पक्षों की शिकायतों की जांच की जा रही है और फरार आरोपियों की तलाश जारी है। मामले में वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।















