Friday, April 10, 2026
Home Breaking विधानसभा और सिविल कोर्ट को बम से उड़ाने की धमकी, सुरक्षा एजेंसियां...

विधानसभा और सिविल कोर्ट को बम से उड़ाने की धमकी, सुरक्षा एजेंसियां हाई अलर्ट पर

11

The Duniyadari: बिहार विधानसभा को शुक्रवार को बम से उड़ाने की धमकी मिलने से प्रशासनिक महकमे में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां तुरंत सक्रिय हो गईं और विधानसभा परिसर की सुरक्षा बढ़ा दी गई।

कार्तिकेय शर्मा, एसएसपी पटना के निर्देश पर बम निरोधक दस्ते और डॉग स्क्वॉड की टीम मौके पर पहुंची और पूरे परिसर की गहन तलाशी शुरू की गई। सुरक्षाकर्मियों ने विधानसभा भवन के सभी कक्षों, गलियारों और आसपास के इलाकों की जांच की ताकि किसी भी संभावित खतरे को समय रहते टाला जा सके।

पुलिस के अनुसार धमकी अज्ञात ईमेल के माध्यम से भेजी गई थी। मामले की जांच के लिए साइबर सेल को लगाया गया है और मेल भेजने वाले की पहचान करने की कोशिश की जा रही है। अधिकारियों ने बताया कि अभी तक किसी भी संदिग्ध वस्तु या विस्फोटक सामग्री की पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन एहतियात के तौर पर सुरक्षा कड़ी रखी गई है।

इसी बीच पटना सिविल कोर्ट को भी बम से उड़ाने की धमकी मिलने की सूचना सामने आई, जिससे सुरक्षा एजेंसियों की चिंता और बढ़ गई। कोर्ट परिसर में भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया और आने-जाने वाले लोगों की सघन जांच की जा रही है।

गौरतलब है कि 13 मार्च 2026 को भी इसी तरह बिहार विधानसभा को धमकी दी गई थी। इसके अलावा इससे पहले पटना सिविल कोर्ट समेत कई अन्य अदालतों को भी धमकी भरे संदेश भेजे जा चुके हैं।

फिलहाल दोनों स्थानों पर जांच जारी है और सुरक्षा एजेंसियां पूरी तरह सतर्क हैं। प्रशासन ने आम नागरिकों से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि या वस्तु की जानकारी तुरंत पुलिस को दें और अफवाहों से दूर रहें।