The Duniyadari: कोरबा, दिनांक 11 अप्रैल। पूर्व राजस्व मंत्री छत्तीसगढ़ शासन जयसिंह अग्रवाल ने कोरबा जिले के SECL अंतर्गत संचालित विभिन्न खदान क्षेत्रों—कुसमुंडा, गेवरा, मानिकपुर, दीपका आदि—में स्थानीय एवं अनुभवी ड्राइवरों को रोजगार में प्राथमिकता प्रदान किए जाने हेतु साउथ ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (SECL) के अध्यक्ष सह प्रबंध निदेशक को पत्र प्रेषित किया है।

अपने पत्र में श्री अग्रवाल ने उल्लेख किया है कि वर्तमान में कोरबा जिले के विभिन्न खदान क्षेत्रों में कई निजी कंपनियों द्वारा खनन कार्य प्रारंभ किया जा चुका है तथा आने वाले समय में और भी कंपनियों के कार्य प्रारंभ होने की संभावना है। ऐसे में स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर उपलब्ध कराना अत्यंत आवश्यक हो जाता है।
उन्होंने बताया कि छत्तीसगढ़ ड्राइवर महासंघ, जिला कोरबा द्वारा प्रस्तुत आवेदन के अनुसार लगभग 500 स्थानीय एवं अनुभवी वाहन चालक रोजगार की अपेक्षा में हैं। ये सभी चालक वर्षों से खनन कार्य से जुड़े रहे हैं तथा क्षेत्रीय परिस्थितियों एवं कार्य प्रणाली का पर्याप्त अनुभव रखते हैं।
श्री अग्रवाल ने CMD SECL से आग्रह किया है कि खनन कार्य में संलग्न नई एवं वर्तमान कंपनियों द्वारा ड्राइवरों की नियुक्ति के दौरान स्थानीय एवं अनुभवी ड्राइवरों को प्राथमिकता देने हेतु आवश्यक निर्देश जारी किए जाएं। साथ ही, SECL के अंतर्गत कोरबा जिले के समस्त खदान क्षेत्रों के महाप्रबंधकों को भी इस संबंध में निर्देशित करने का अनुरोध किया गया है, ताकि स्थानीय ड्राइवरों को समुचित अवसर मिल सके।
उन्होंने यह भी आग्रह किया है कि नए ड्राइवरों की नियुक्ति के साथ-साथ पूर्व से कार्यरत एवं अनुभवी ड्राइवरों को विभिन्न कंपनियों में समायोजित करने की सकारात्मक व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, जिससे उनके परिवारों की आजीविका सुचारू रूप से चल सके।
पूर्व मंत्री जयसिंह अग्रवाल ने आशा व्यक्त की है कि SECL प्रबंधन इस विषय पर संवेदनशीलता के साथ विचार करते हुए शीघ्र आवश्यक कार्यवाही करेगा, जिससे स्थानीय युवाओं एवं वाहन चालकों को रोजगार के अवसर प्राप्त होंगे और क्षेत्र में आर्थिक सशक्तिकरण को बल मिलेगा।
सुरेश कुमार अग्रवाल
कार्यालय महामंत्री
कोरबा जिला कांग्रेस कार्यालय















