The Duniyadari: रायपुर- राजधानी रायपुर में पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़ा करने वाली एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है। ट्रैफिक थाना फाफाडीह के ठीक सामने खड़ी जब्त मेटाडोर को अज्ञात चोरों ने पार कर दिया। खास बात यह है कि वाहन पुलिस की निगरानी में खड़ा था, इसके बावजूद दो दिन के भीतर ही चोरी हो गई।
मिली जानकारी के अनुसार मेटाडोर क्रमांक CG 12 BH 3683 को 7 अप्रैल को प्रतिबंधित मार्ग में प्रवेश करने पर यातायात पुलिस ने जब्त किया था। मोटर व्हीकल एक्ट की धारा 115/194 के तहत कार्रवाई करते हुए वाहन को ट्रैफिक थाना फाफाडीह के सामने खड़ा कराया गया था। चालक को जरूरी दस्तावेजों के साथ 8 अप्रैल को सुबह 11 बजे उपस्थित होने के निर्देश दिए गए थे।
बताया जा रहा है कि जब्ती के बाद वाहन दो दिनों तक वहीं खड़ा रहा। इसी दौरान 9 और 10 अप्रैल की रात के बीच अज्ञात चोर मेटाडोर लेकर फरार हो गए। अगले दिन जब पुलिसकर्मियों ने वाहन की स्थिति देखी तो वह मौके से गायब मिला। इसके बाद पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया।
घटना की सूचना मिलने के बाद आसपास के इलाकों में तलाश शुरू की गई, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। इसके बाद मामले की शिकायत गंज थाना में दर्ज कराई गई। ट्रैफिक थाना फाफाडीह में पदस्थ सहायक उपनिरीक्षक केशरी कुमार साहू ने औपचारिक रूप से चोरी की रिपोर्ट दर्ज करवाई है।
पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और संदिग्धों की पहचान के लिए अलग-अलग टीमें भी गठित की गई हैं। अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही आरोपियों का पता लगाकर वाहन बरामद कर लिया जाएगा।
इस घटना ने जब्त वाहनों की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि जब पुलिस थाना के सामने से ही वाहन चोरी हो सकता है, तो आम नागरिकों की संपत्ति की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ना स्वाभाविक है। फिलहाल पुलिस इस मामले को गंभीरता से लेते हुए हर पहलू से जांच कर रही है।















