The Duniyadari: नागपुर में 28 वर्षीय एयर होस्टेस की आत्महत्या के मामले में पुलिस जांच ने नया मोड़ ले लिया है। 4 अप्रैल की रात करीब 2 से 3 बजे के बीच युवती ने अपने घर में फांसी लगाकर जान दे दी थी। शुरुआत में इसे सामान्य आत्महत्या माना जा रहा था, लेकिन परिजनों की शिकायत और मोबाइल से मिले अहम सुरागों ने पूरे मामले को संदिग्ध बना दिया।
मामला लकड़गंज थाना क्षेत्र का है। जांच में सामने आया कि युवती का रितेश वांदिले नाम के युवक से प्रेम संबंध था, जो पेशे से डॉक्टर बताया जा रहा है। आरोप है कि रितेश युवती के पहनावे को लेकर अक्सर आपत्ति जताता था और उसे छोटे कपड़े पहनने से रोकता था। इसके अलावा शादी से इनकार करने की धमकी देकर वह युवती पर मानसिक दबाव बनाता था, जिससे दोनों के बीच लगातार विवाद होते रहते थे।
परिजनों ने आरोप लगाया कि आरोपी ने युवती के मोबाइल में मौजूद वीडियो के जरिए उसके परिवार और रिश्तेदारों के सामने अपमानजनक बातें भी कही थीं। लगातार हो रहे मानसिक तनाव और अपमान से परेशान होकर युवती ने आत्मघाती कदम उठा लिया।
घटना के बाद पुलिस ने शुरुआत में आत्महत्या का मामला दर्ज किया था, क्योंकि युवती का मोबाइल लॉक था और कोई ठोस सुराग नहीं मिला था। लेकिन कुछ दिनों बाद जब मोबाइल का लॉक खुला तो उसमें एक वीडियो और आत्महत्या से पहले की आखिरी कॉल का रिकॉर्ड मिला, जिसने मामले की दिशा बदल दी।
लकड़गंज थाना प्रभारी अरुण शीरसागर ने बताया कि मोबाइल से मिले सबूतों के आधार पर आरोपी रितेश वांदिले के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने का मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने आरोपी डॉक्टर बॉयफ्रेंड को गिरफ्तार कर लिया है और पूरे मामले की विस्तृत जांच जारी है।













