Monday, April 13, 2026
Home Breaking शिवनाथ नदी से अज्ञात युवक का शव बरामद, नंदिनी नगर में भी...

शिवनाथ नदी से अज्ञात युवक का शव बरामद, नंदिनी नगर में भी संदिग्ध मौत से बढ़ी चिंता

11

The Duniyadari: दुर्ग जिले में सोमवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया जब महमरा घाट स्थित शिवनाथ नदी के एनीकेट में एक अज्ञात युवक का शव तैरता हुआ दिखाई दिया। सुबह-सुबह नदी किनारे पहुंचे स्थानीय लोगों ने पानी में शव देख तुरंत प्रशासन और पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई।

जिला सेनानी एवं अग्निशमन अधिकारी नागेंद्र कुमार सिंह के निर्देश पर एसडीआरएफ की टीम घटनास्थल पर पहुंची। सुबह करीब 9:30 बजे नौ सदस्यीय टीम ने नाव की मदद से शव को नदी से बाहर निकाला और आगे की कार्रवाई के लिए पुलिस को सौंप दिया। बताया जा रहा है कि शव काफी पुराना होने के कारण बुरी तरह सड़ चुका था, जिससे मृतक की पहचान करना मुश्किल हो रहा है।

प्रारंभिक जांच में पुलिस को आशंका है कि युवक की मौत तीन से चार दिन पहले हुई होगी। मृतक के पास से कोई पहचान पत्र या अन्य सामान नहीं मिला है, जिससे उसकी शिनाख्त अब तक नहीं हो पाई है। पुलिस आसपास के थानों में दर्ज गुमशुदगी की रिपोर्ट खंगाल रही है और पहचान के लिए अन्य माध्यमों का भी सहारा लिया जा रहा है।

पुलिस का कहना है कि फिलहाल यह स्पष्ट नहीं है कि युवक की मौत डूबने से हुई या इसके पीछे कोई अन्य वजह है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का खुलासा हो सकेगा।

इधर, नंदिनी नगर थाना क्षेत्र के देवरझाल इलाके में भी एक और संदिग्ध मौत का मामला सामने आया है। यहां 42 वर्षीय यशवंत मरकाम की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। 12 अप्रैल की शाम करीब 7 बजे मिली सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और पंचनामा कार्रवाई के बाद जांच शुरू कर दी। ओमप्रकाश मरकाम की सूचना के आधार पर पुलिस ने मर्ग कायम कर लिया है।

एक ही दिन में दो संदिग्ध मौतों की घटनाओं से इलाके में चिंता का माहौल बन गया है। पुलिस दोनों मामलों की अलग-अलग जांच कर रही है और सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए पड़ताल जारी है। अधिकारियों ने लोगों से अफवाहों से बचने और किसी भी संदिग्ध जानकारी की तुरंत पुलिस को सूचना देने की अपील की है।