The Duniyadari: रायपुर/बिलासपुर- दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे ने वित्तीय वर्ष 2025-26 में यात्रियों को बेहतर सुविधाएँ उपलब्ध कराने के उद्देश्य से स्टेशनों के आधुनिकीकरण और आधारभूत ढांचे को मजबूत करने की दिशा में उल्लेखनीय कार्य किए हैं। रेलवे प्रशासन ने बुजुर्गों, महिलाओं, बच्चों और दिव्यांग यात्रियों की सुविधा को प्राथमिकता देते हुए कई महत्वपूर्ण पहलें लागू की हैं।
यात्रियों की सुरक्षित आवाजाही सुनिश्चित करने के लिए इस वर्ष 12 नए फुट ओवरब्रिज का निर्माण और कमीशनिंग किया गया है। इनमें 4 स्टेशनों पर 12 मीटर चौड़े, एक स्टेशन पर 6 मीटर चौड़ा और 7 अन्य स्टेशनों पर फुट ओवरब्रिज बनाए गए हैं। इनसे प्लेटफॉर्मों के बीच आवागमन अधिक सुरक्षित और सुगम हुआ है।
इसके साथ ही, 9 स्टेशनों पर प्लेटफॉर्म की ऊँचाई बढ़ाकर यात्रियों को ट्रेनों में चढ़ने-उतरने में सुविधा दी गई है। वहीं 3 स्टेशनों पर कोच गाइडेंस डिस्प्ले सिस्टम स्थापित किया गया है, जिससे यात्रियों को अपने कोच की सही स्थिति की जानकारी समय पर मिल सके।
‘अमृत भारत स्टेशन योजना’ के अंतर्गत दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के 47 स्टेशनों में से 22 स्टेशनों पर विकास कार्य पूर्ण किए जा चुके हैं। इन कार्यों के तहत स्टेशनों को आधुनिक, स्वच्छ और यात्री अनुकूल बनाने पर विशेष ध्यान दिया गया है। इसके अलावा 17 स्टेशनों पर दिव्यांगजनों के लिए निर्धारित मानकों के अनुरूप सुविधाएँ विकसित की गई हैं।
यात्रियों की सुविधा को और बेहतर बनाने के लिए इस वर्ष 14 यात्री लिफ्ट और 12 एस्केलेटर भी शुरू किए गए हैं, जिससे बुजुर्गों, महिलाओं और दिव्यांग यात्रियों को प्लेटफॉर्मों के बीच आने-जाने में काफी राहत मिली है।
दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के महाप्रबंधक तरुण प्रकाश के मार्गदर्शन में यह सभी कार्य सफलतापूर्वक पूरे किए गए हैं। रेलवे प्रशासन ने कहा है कि यात्रियों को सुरक्षित, सुलभ और आधुनिक यात्रा अनुभव देने के लिए भविष्य में भी इस तरह के कार्य जारी रहेंगे।















