Friday, April 17, 2026
Home Breaking छत्तीसगढ़ में तपने लगा अप्रैल, कई जिलों में पारा 43 डिग्री पार,...

छत्तीसगढ़ में तपने लगा अप्रैल, कई जिलों में पारा 43 डिग्री पार, लू की चेतावनी

9

The Duniyadari: Raipur-  अप्रैल का आधा महीना बीतते-बीतते छत्तीसगढ़ में गर्मी ने अपने तेवर दिखाने शुरू कर दिए हैं।

महीने की शुरुआत से ही तापमान में लगातार बढ़ोतरी हो रही है, जिससे आम जनजीवन प्रभावित होने लगा है।

दोपहर के समय सड़कों पर सन्नाटा नजर आने लगा है और लोग जरूरी काम होने पर ही घरों से बाहर निकल रहे हैं।

प्रदेश के कई जिलों में तापमान 41 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच चुका है, जिससे गर्मी का असर और तेज हो गया है। हालात ऐसे हैं कि कई इलाकों में गर्मी ने ‘हीट जोन’ जैसी स्थिति बना दी है। सबसे ज्यादा तापमान राजनांदगांव और धमतरी में दर्ज किया गया, जहां पारा 43.5 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया।

राजधानी रायपुर में भी गर्मी का असर साफ दिखाई दे रहा है, यहां तापमान 43 डिग्री दर्ज किया गया। वहीं बिलासपुर में 42.8 डिग्री, जगदलपुर में 40 डिग्री और अंबिकापुर में 39.3 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड किया गया है। बढ़ती गर्मी से लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

मौसम विभाग ने आने वाले दिनों में और अधिक गर्मी पड़ने की संभावना जताई है। विभाग के अनुसार अगले तीन दिनों में तापमान 1 से 3 डिग्री तक बढ़ सकता है।

इसके साथ ही 17 से 19 अप्रैल के बीच बिलासपुर, रायपुर और दुर्ग संभाग में लू चलने की आशंका भी व्यक्त की गई है।

मौसम विशेषज्ञों ने लोगों को दोपहर के समय घर से बाहर निकलने से बचने, अधिक पानी पीने और धूप से बचाव के उपाय अपनाने की सलाह दी है।