Monday, April 20, 2026
Home Breaking बड़ा सुरक्षा चूक: जिम की लिफ्ट में फंसी IAS ऋचा शर्मा, घुटन...

बड़ा सुरक्षा चूक: जिम की लिफ्ट में फंसी IAS ऋचा शर्मा, घुटन से बिगड़ी तबीयत

13

The Duniyadari: रायपुर- राजधानी रायपुर के वीआईपी रोड स्थित करेंसी टावर में सोमवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया.

जब छत्तीसगढ़ शासन की वरिष्ठ IAS अधिकारी एवं अतिरिक्त मुख्य सचिव (ACS) ऋचा शर्मा जिम की लिफ्ट में फंस गईं।

लिफ्ट में वेंटिलेशन और लाइट की पर्याप्त व्यवस्था नहीं होने के कारण उनकी तबीयत बिगड़ने लगी। करीब 10 से 20 मिनट तक फंसे रहने के बाद उन्हें सुरक्षित बाहर निकाला गया।

जानकारी के मुताबिक, यह घटना सोमवार सुबह करीब 6:30 बजे की है। बताया जा रहा है कि ऋचा शर्मा रोजाना की तरह मॉर्निंग वॉक और जिम के लिए करेंसी टावर पहुंची थीं। इसी दौरान वे जिम जाने के लिए लिफ्ट में सवार हुईं, लेकिन अचानक लिफ्ट बीच में ही रुक गई और वे अंदर फंस गईं।

लिफ्ट में लाइट और वेंटिलेशन की कमी होने से स्थिति और गंभीर हो गई। कुछ समय बाद घुटन महसूस होने लगी और उनकी तबीयत बिगड़ने लगी। मौके पर मौजूद लोगों ने तुरंत बिल्डिंग प्रबंधन को सूचना दी, जिसके बाद तकनीकी टीम को बुलाया गया। काफी मशक्कत के बाद लिफ्ट का दरवाजा खोला गया और उन्हें बाहर निकाला गया।

घटना के बाद करेंसी टावर की सुरक्षा व्यवस्था और रखरखाव को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं। बताया जा रहा है कि अगर समय रहते लिफ्ट नहीं खोली जाती, तो बड़ा हादसा हो सकता था।

इस घटना के बाद बिल्डिंग मैनेजमेंट की लापरवाही को लेकर जांच की मांग भी उठने लगी है।

बताया जा रहा है कि बाहर निकलने के बाद अधिकारियों ने मामले की जानकारी ली और लिफ्ट सिस्टम की तकनीकी जांच कराने के निर्देश दिए गए हैं। फिलहाल IAS अधिकारी ऋचा शर्मा सुरक्षित हैं और उनकी तबीयत सामान्य बताई जा रही है।