The Duniyadari: बलरामपुर Balaजिले के राजपुर थाना क्षेत्र में एक शादी समारोह के दौरान दर्दनाक हादसा हो गया। मंडप की तैयारी के समय बिजली का खंभा गिरने से 6 साल के बच्चे की मौत हो गई।
घटना के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल बन गया और शादी की खुशियां मातम में बदल गईं।
जानकारी के मुताबिक ग्राम खोखनिया निवासी मनोहर के घर विवाह समारोह की तैयारियां चल रही थीं। इसी दौरान मंडप खड़ा करने के लिए एक लकड़ी का खूंटा पास में लगे बिजली के खंभे से टिकाया गया।
बताया जा रहा है कि इससे खंभा असंतुलित हो गया और अचानक भरभराकर नीचे गिर पड़ा।
घटना के वक्त खंभे के पास खेल रहा तुषार, जो ग्राम चौरा निवासी मैनेजर का 6 वर्षीय बेटा था, उसकी चपेट में आ गया। खंभा गिरने से बच्चे के सिर में गंभीर चोट आई और उसका पैर भी टूट गया।
हादसे के बाद परिजन उसे तत्काल अंबिकापुर के एक निजी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसकी हालत नाजुक बताते हुए रायपुर रेफर कर दिया।
बताया जा रहा है कि रायपुर ले जाते समय रास्ते में ही मासूम ने दम तोड़ दिया। इसके बाद शव को वापस अंबिकापुर लाया गया, जहां पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया गया।
परिजनों ने घटना के लिए लापरवाही को जिम्मेदार ठहराते हुए आरोप लगाया है कि बिजली का खंभा सही तरीके से नहीं लगाया गया था।
वहीं पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि सभी पहलुओं की जांच के बाद दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
इस दर्दनाक हादसे के बाद गांव में मातम पसरा हुआ है और शादी समारोह भी प्रभावित हो गया है।















