Thursday, April 23, 2026
Home Breaking पटवारी दफ्तर में घुसकर कर्मचारियों से मारपीट, CCTV में कैद पूरी वारदात

पटवारी दफ्तर में घुसकर कर्मचारियों से मारपीट, CCTV में कैद पूरी वारदात

16
Oplus_16908288

The Duniyadari: सरगुजा जिले के दरिमा थाना क्षेत्र के ग्राम कंठी में स्थित पटवारी कार्यालय में कुछ लोगों द्वारा घुसकर कर्मचारियों से मारपीट किए जाने का मामला सामने आया है। इस घटना से इलाके में तनाव का माहौल बन गया है और सरकारी दफ्तरों की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े हो गए हैं।

बताया जा रहा है कि कुछ युवक अचानक कार्यालय पहुंचे और वहां मौजूद पटवारी और ऑपरेटर से किसी बात को लेकर बहस करने लगे। शुरुआती विवाद राजस्व निरीक्षक (आरआई) का मोबाइल नंबर मांगने को लेकर हुआ, लेकिन देखते ही देखते मामला बढ़कर हाथापाई तक पहुंच गया। आरोप है कि आरोपियों ने दोनों कर्मचारियों के साथ धक्का-मुक्की करते हुए मारपीट की, जिससे उन्हें चोटें आईं।

घटना के दौरान कार्यालय में अफरा-तफरी मच गई। पूरी वारदात वहां लगे CCTV कैमरों में रिकॉर्ड हो गई है, जिसके आधार पर पुलिस जांच आगे बढ़ा रही है। घटना के बाद पीड़ित कर्मचारी दरिमा थाने पहुंचे और शिकायत दर्ज कराई।

पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और फुटेज खंगालकर आरोपियों की पहचान करने में जुटी है। प्रारंभिक जानकारी में एक आरोपी का नाम मोनू कुजूर सामने आ रहा है, जिसे कथित तौर पर एक राजनीतिक दल से जुड़ा बताया जा रहा है। हालांकि पुलिस ने इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।

घटना के बाद राजस्व विभाग के कर्मचारियों में नाराजगी देखी जा रही है। उन्होंने प्रशासन से सरकारी दफ्तरों में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाएं दोबारा न हों।

वहीं पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जांच निष्पक्ष तरीके से की जा रही है और जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है और जल्द गिरफ्तारी की बात कही जा रही है।