Thursday, April 23, 2026
Home Breaking प्रशासनिक फेरबदल: एसडीएम बदले, अवकाश नियमों पर सख्ती

प्रशासनिक फेरबदल: एसडीएम बदले, अवकाश नियमों पर सख्ती

13

The Duniyadari: कांकेर जिले में प्रशासनिक स्तर पर महत्वपूर्ण बदलाव किए गए हैं। कलेक्टर निलेशकुमार महादेव क्षीरसागर ने राज्य प्रशासनिक सेवा के अधिकारियों की नई पदस्थापना के आदेश जारी किए हैं।

इस आदेश के तहत डिप्टी कलेक्टर टीकाराम देवांगन को पखांजूर के अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) पद से हटाकर जिला कार्यालय कांकेर में पदस्थ किया गया है।

वहीं उनकी जगह डिप्टी कलेक्टर एवं नजूल अधिकारी मनीष देव साहू को पखांजूर का नया एसडीएम बनाया गया है।

जारी निर्देश में स्पष्ट किया गया है कि संबंधित अधिकारी तभी कार्यभार छोड़ेंगे जब उनका अवकाश सक्षम प्राधिकारी द्वारा स्वीकृत हो जाएगा। प्रशासन ने इस प्रक्रिया को सख्ती से पालन करने पर जोर दिया है।

इसी बीच छत्तीसगढ़ शासन के सामान्य प्रशासन विभाग ने भी सभी शासकीय कर्मचारियों के लिए अवकाश नियमों को लेकर सख्त दिशा-निर्देश जारी किए हैं।

सुशासन तिहार और जनगणना जैसे अहम कार्यों को ध्यान में रखते हुए कहा गया है कि कोई भी कर्मचारी बिना पूर्व अनुमति के अवकाश पर नहीं जा सकेगा।

ऐसा करने पर अनुपस्थिति को स्वैच्छिक माना जाएगा और इसे सेवा में व्यवधान (ब्रेक इन सर्विस) के रूप में दर्ज किया जा सकता है।

निर्देशों में यह भी कहा गया है कि आकस्मिक अवकाश की स्थिति में भी कर्मचारी को फोन या डिजिटल माध्यम से सूचना देना अनिवार्य होगा और कार्यालय लौटने पर इसकी लिखित पुष्टि करनी होगी।

वहीं, लंबी छुट्टी पर जाने से पहले अपने कार्यों का विधिवत प्रभार दूसरे कर्मचारी को सौंपना भी जरूरी कर दिया गया है।

राज्य सरकार ने इस संबंध में सभी विभागों, राजस्व मंडल, संभागायुक्तों और कलेक्टरों को निर्देश जारी करते हुए नियमों के कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने को कहा है।