Friday, April 24, 2026
Home Breaking आधी रात हमला: घर में घुसकर फायरिंग, युवक की मौत, भाई घायल

आधी रात हमला: घर में घुसकर फायरिंग, युवक की मौत, भाई घायल

18
Oplus_16908288

The Duniyadari: जांजगीर-चांपा जिले से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां गुरुवार देर रात नकाबपोश हमलावरों ने एक व्यवसायी के घर में घुसकर ताबड़तोड़ गोलीबारी कर दी। इस हमले में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसका छोटा भाई घायल हो गया।

यह घटना बिर्रा थाना क्षेत्र के करही गांव की है। मिली जानकारी के अनुसार, रात करीब 12 बजे तीन अज्ञात बदमाश घर के पीछे के रास्ते से सम्मेलाल कश्यप के घर में दाखिल हुए। घर में घुसते ही हमलावर सीधे उस कमरे में पहुंचे, जहां परिवार के सदस्य सो रहे थे।

हमलावरों ने 19 वर्षीय आयुष कश्यप को निशाना बनाते हुए दो गोलियां चलाईं, जो उसके सीने और सिर में लगीं। गंभीर चोटों के कारण उसकी मौके पर ही मौत हो गई। वहीं उसके भाई आशुतोष कश्यप पर भी गोली चलाई गई, जो उसके हाथ में लगी। घायल आशुतोष को तुरंत जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

घटना के दौरान हमलावरों द्वारा पैसों की मांग किए जाने की बात भी सामने आई है। हालांकि, परिजन इसे केवल लूट की कोशिश नहीं मान रहे हैं और इस हमले के पीछे कारोबारी रंजिश की आशंका जता रहे हैं।

बताया जा रहा है कि मृतक आयुष हाल ही में रेत के कारोबार से जुड़ा था और घटना से कुछ समय पहले ही काम से लौटकर घर आया था। उसके पिता सम्मेलाल कश्यप क्षेत्र के जाने-माने व्यापारी होने के साथ-साथ स्थानीय राजनीति में भी सक्रिय हैं।

फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है और हमलावरों की तलाश जारी है।