The Duniyadari: सूरजपुर जिले में पुलिस विभाग के भीतर एक बार फिर सख्त प्रशासनिक कदम उठाया गया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक प्रशांत कुमार ठाकुर ने साइबर सेल में पदस्थ 6 पुलिसकर्मियों को लाइन हाजिर कर दिया है। इस कार्रवाई के बाद महकमे में हलचल तेज हो गई है और कई स्तरों पर चर्चाएं शुरू हो गई हैं।
कार्रवाई की जद में आए कर्मियों में एएसआई राकेश यादव के साथ प्रधान आरक्षक आनंद सिंह, उदय सिंह और आरक्षक महेंद्र, अभय तिवारी व विकास पटेल शामिल हैं। बताया जा रहा है कि कुमेली घाट क्षेत्र में सामने आए जुआ संचालन मामले के बाद यह कदम उठाया गया है, जिसमें पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े हुए थे।
दरअसल, अप्रैल की शुरुआत में कुमेली घाट इलाके से जुए का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ था। वीडियो में बड़ी संख्या में लोग खुलेआम जुआ खेलते दिखाई दिए, जिससे मामला तूल पकड़ गया और पुलिस की निष्क्रियता को लेकर आलोचना होने लगी।
इससे पहले 6 अप्रैल को रामानुजनगर थाना प्रभारी अलरिक लकड़ा और एमटी चालक आरक्षक पंकज सिंह को भी निलंबित किया जा चुका है। अब करीब दो हफ्ते बाद साइबर सेल के कर्मचारियों पर भी कार्रवाई करते हुए उन्हें लाइन भेजा गया है।
सूत्रों के मुताबिक, सभी संबंधित कर्मियों की भूमिका की गहन जांच की जा रही है। जांच प्रक्रिया निष्पक्ष बनी रहे, इसके लिए उन्हें लाइन हाजिर किया गया है। जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की विभागीय कार्रवाई तय की जाएगी।
इसी बीच प्रशासन ने साइबर सेल में बदलाव करते हुए निरीक्षक जावेद मियांदाद को नई जिम्मेदारी सौंपी है। उन्हें साइबर सेल के साथ डीसीबी, डीसीआरबी और कंट्रोल रूम का अतिरिक्त प्रभार भी दिया गया है।
पुलिस विभाग ने स्पष्ट किया है कि किसी भी प्रकार की लापरवाही या संदिग्ध गतिविधि को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और आगे भी ऐसे मामलों में कड़ी कार्रवाई जारी रहेगी।















