Saturday, April 25, 2026
Home Breaking दर्दनाक हादसा: तेज रफ्तार यात्री बस पलटी, 40 में कई घायल, 2...

दर्दनाक हादसा: तेज रफ्तार यात्री बस पलटी, 40 में कई घायल, 2 की हालत गंभीर

10

The Duniyadari: आरंग-  नेशनल हाईवे-53 पर शनिवार को एक बड़ा सड़क हादसा सामने आया, जब महासमुंद से रायपुर की ओर जा रही जैन ट्रैवल्स की यात्री बस अनियंत्रित होकर पलट गई। बस में करीब 40 यात्री सवार थे, जिनमें से कई लोग घायल हो गए हैं, जबकि दो यात्रियों की हालत गंभीर बताई जा रही है।

मिली जानकारी के मुताबिक घटना मंदिर हसौद थाना के सामने की है। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि बस काफी तेज गति में थी। जैसे ही वाहन थाना के पास पहुंचा, चालक संतुलन खो बैठा और बस डिवाइडर पर लगे खंभे से टकरा गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बस सड़क के बीचों-बीच पलट गई, जिससे मौके पर अफरा-तफरी और चीख-पुकार मच गई।

हादसे की सूचना मिलते ही मंदिर हसौद पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से रेस्क्यू शुरू किया गया। घायलों को बस से निकालकर तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया। गंभीर रूप से घायल दो यात्रियों को रायपुर के मेकाहारा अस्पताल रेफर किया गया है, जबकि अन्य का इलाज नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र में जारी है।

घटना के बाद बस चालक और कंडक्टर मौके से फरार हो गए। पुलिस ने बस को जब्त कर लिया है और फरार आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। मामले में आगे की जांच जारी है।