Tuesday, April 28, 2026
Home Breaking स्लीपर बस बनी आग का गोला, 42 यात्रियों ने शीशा तोड़कर दी...

स्लीपर बस बनी आग का गोला, 42 यात्रियों ने शीशा तोड़कर दी मौत को मात

9

The Duniyadari: सीहोर–  इंदौर-भोपाल हाईवे पर रविवार तड़के बड़ा हादसा होते-होते टल गया। प्रतापगढ़, राजस्थान से सूरत जा रही एक निजी स्लीपर बस में बुधनी घाट के पास अचानक भीषण आग लग गई। गनीमत रही कि समय रहते सभी 42 यात्रियों ने खिड़की और आपातकालीन गेट से कूदकर अपनी जान बचा ली।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, सुबह करीब 4:30 बजे बस के पिछले हिस्से से धुआं उठने लगा। ड्राइवर ने तुरंत बस रोकी और यात्रियों को बाहर निकलने के लिए कहा। कुछ ही मिनटों में आग ने पूरी बस को चपेट में ले लिया। नींद में होने के कारण कई यात्री घबरा गए और अफरा-तफरी मच गई। महिलाओं और बच्चों को खिड़की के कांच तोड़कर बाहर निकाला गया।

सूचना पर बुधनी पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची। करीब 1 घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया, लेकिन तब तक बस पूरी तरह जलकर खाक हो चुकी थी। यात्रियों का सामान भी जल गया।

बस में सवार यात्री संजय पटेल ने बताया कि शॉर्ट सर्किट की वजह से इंजन के पास से आग लगी थी। ड्राइवर की सूझबूझ से बड़ा हादसा टल गया। 2 यात्रियों को कूदने के दौरान मामूली चोटें आई हैं, जिन्हें बुधनी अस्पताल में प्राथमिक उपचार दिया गया।

पुलिस ने वैकल्पिक बस की व्यवस्था कर सभी यात्रियों को सूरत के लिए रवाना किया। बुधनी थाना प्रभारी ने कहा कि बस कंपनी और फिटनेस की जांच की जा रही है। प्रारंभिक जांच में शॉर्ट सर्किट से आग लगना सामने आया है। RTO को भी रिपोर्ट भेजी गई है।

हादसे के चलते हाईवे पर करीब 2 घंटे तक जाम लगा रहा। क्रेन से जली बस हटाने के बाद ट्रैफिक सुचारू हुआ।