Wednesday, April 29, 2026
Home Breaking गंभीर घायल मरीज के परिजन से ड्राइवर ने साफ कराई एंबुलेंस, जबरन...

गंभीर घायल मरीज के परिजन से ड्राइवर ने साफ कराई एंबुलेंस, जबरन वसूले पैसे

10

The Duniyadari: कटनी-  जिला अस्पताल कटनी में मानवता को शर्मसार करने वाला मामला सामने आया है।

यहां एक निजी एंबुलेंस के ड्राइवर ने गंभीर घायल मरीज को लाने के बाद परिजनों से ही गाड़ी साफ करवाई और तय रकम से ज्यादा पैसे भी वसूल लिए। परिजनों की शिकायत पर सीएमएचओ ने जांच के आदेश दिए हैं।

माधवनगर निवासी रामकिशोर पटेल ने बताया कि रविवार शाम उनका भतीजा सड़क हादसे में घायल हो गया था। उसे 108 के इंतजार में देर होती देख निजी एंबुलेंस 500 रुपये में तय कर जिला अस्पताल लाए। रास्ते में खून बहने से स्ट्रेचर और एंबुलेंस गंदी हो गई।

अस्पताल पहुंचते ही ड्राइवर ने मरीज को उतारने से मना कर दिया। बोला, “पहले गाड़ी साफ करो, तभी स्ट्रेचर दूंगा।” मजबूरी में परिजनों ने खुद बाल्टी-पोछा मंगाकर एंबुलेंस धोई। इसके बाद ड्राइवर 500 की जगह 1500 रुपये मांगने लगा। विरोध करने पर गाली-गलौज की और धमकाया कि मरीज को यहीं छोड़कर चला जाएगा।

परिजनों ने डर के कारण 1200 रुपये दे दिए। मामले की शिकायत सीएमएचओ डॉ. आरके अठ्या से की गई है। सीएमएचओ ने कहा कि निजी एंबुलेंस चालकों की मनमानी की लगातार शिकायतें मिल रही हैं। ड्राइवर और एंबुलेंस मालिक को नोटिस जारी कर जवाब मांगा गया है। दोषी मिलने पर गाड़ी का रजिस्ट्रेशन रद्द किया जाएगा।

जिला अस्पताल में दलालों और निजी एंबुलेंस की वसूली से मरीज परेशान हैं। कलेक्टर ने भी संज्ञान लेते हुए आरटीओ और स्वास्थ्य विभाग की संयुक्त जांच टीम गठित की है।